अलग-अलग हादसे में बच्ची की मौत और युवक गंभीर रूप से घायल, बाइक की वजह से हुईं घटनाएं
गया जिले के गुरारू और डोभी थाना क्षेत्रों में शुक्रवार रात हुए अलग-अलग हादसे में एक बच्ची की मौत हो गई। जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों घटनाओं का कारण तेज रफ्तार बाइक बनी। युवक का इलाज चल रहा है।
गुरारु (गया), संवाद सूत्र। गया में गुरारु बाजार के गुरारु - रफीगंज रोड में स्थित गुरारु चीनी मिल गेट के समीप शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार बाइक के धक्के से घायल केरकी गांव की महिमा कुमारी (10 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिमा अपने स्वजन के साथ बाजार आई थी। इसी दौरान बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक भागने में सफल रहा। मौके पर मौजूद लोगों घायल बच्ची को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां उसकी मौत हो गई। घटना से कोहराम मच गया। जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस ने स्वास्थ्य केद्र पहुंचकर घटना की जानकारी ली। लेकिन मृत बच्ची के स्वजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराने व पुलिस को शव सौंपने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस लौट आई।
सड़क दुर्घटना में बाइक सवार घायल, मेडिकल कॉलेज रेफर
शुक्रवार के देर रात डोभी के चंदा गांव के पास बाइक सवार ने बिजली के खंभे में धक्का मार दिया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में भर्ती करवाया। वहां चिकित्सक डा़ चंद्रकांत ने प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर अवस्था मे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। युवक बेहोशी की हालत में था। उसके नाक और मुंह से लगातार खून निकल रहा था। इस कारण उसकी स्थिति गंभीर बनी थी। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि युवक तेज गति से बभनदेव के तरफ से आ रहा था इसी दौरान चंदा के पास बाइक असंंतुलित हो गया और बिजली के खंभे से उसकी बाइक टकरा गई। बाद में बाइक सवार की शिनाख्त बाराचट्टी थाना के तुलाचक गांव का 25 वर्षीय मिथुन कुमार के रूप में की गई है। वहीं बाइक की पहचान बाराचट्टी थाना के लहुअरी गांव के संजय यादव के रूप में की गई है।