बिहार: लड़के ने छेड़खानी की तो लड़की ने थप्पड़-थप्पड़ खूब मारा, जानें मामला
बिहार में बढ़ती छेड़खानी का मुकाबला करने को अब लड़कियां भी कमर कस ली हैं। ऐसा ही वाकया गया में सामने आया है। लड़की ने लड़के को थप्पड़ाें से खूब पीटा। वीडियो वायरल हो रहा है।
गया [जेएनएन]। बिहार में बढ़ती छेड़खानी का मुकाबला करने को अब लड़कियां भी कमर कस ली हैं। वे असामाजिक तत्वों व उचक्कों को सबक सिखाने के लिए सामने आने लगी हैं। लड़कियों के मनोबल को बढ़ाता ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक लड़की छेड़खानी करनेवाले युवक को जमकर पीट रही है। घटना को लेकर काफी भीड़ जुट गयी, लेकिन उचक्का भाग निकला।
जानकारी के अनुसार गया के जीबी रोड की ओर से एक लड़की अपने काम से जा रही थी। बताया जाता है कि एक लड़का उसका पीछा कर रहा था। तभी बस स्टैंड के निकट पीछा करते आ रहे लड़के ने उस लड़की का हाथ पकड़ लिया।
फिर क्या था हंगामा शुरू हो गया। लड़के ने इसकी कल्पना तक नहीं की होगी कि बीच बाजार में उसे लड़की इस कदर पीटेगी? लेकिन यही हकीकत है। लड़की ने उसे दे थप्पड़ कि दे थप्पड़ कर दिया। उसे जमकर पीटी। भीड़ बढ़ते देख लड़के ने भागने में ही भलाई समझी। यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
बता दें कि शुक्रवार को ही गया के बोधगया में छेड़खानी का एक और मामला सामने आया है। युवक ने अपनी ओछी हरकत से बोधगया को शर्मसार कर दिया है। महाबोधि मंदिर कैंपस में युवक ने विदेशी युवती के साथ छेड़खानी की। बताया जाता है कि बोधगया के महबोधि मंदिर घूमने के दौरान चाइनीज युवती से एक स्थानीय युवक ने छेड़छाड़ किया। इसकी शिकायत विदेशी युवती ने मंदिर सुरक्षा ने तैनात पुलिस से की।
चाइनीज युवती की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपित युवक विक्की कुमार को गिरफ्तार कर बोधगया थाने को सुपुर्द कर दिया। थानाध्यक्ष शिव कुमार महतो ने बताया कि युवक मोचारिम गावं का रहने वाला है। इसके विरुद्ध चाइनीज युवती ने लिखित शिकायत की है। उसके आधार पर कार्रवाई की गयी है।