Move to Jagran APP

जाम से जल्द मिलेगी निजात, बनेंगे फ्लाईओवर

दैनिक जागरण के लोकप्रिय कॉलम प्रश्न पहर में गुरुवार को जिलाधिकारी अभिषेक सिंह मौजूद रहे। उनके साथ नगर निगम और बिजली विभाग आदि के अधिकारी-कर्मचारी भी थे। फोन पर उनसे पाठकों के कई सवाल किए। कुछ इलाके के विकास और समस्या से जुड़े प्रश्न थे तो कुछ चैन-सुकून से वास्ता रखने वाले सवाल।

By JagranEdited By: Published: Fri, 06 Sep 2019 02:56 AM (IST)Updated: Fri, 06 Sep 2019 06:49 AM (IST)
जाम से जल्द मिलेगी निजात, बनेंगे फ्लाईओवर
जाम से जल्द मिलेगी निजात, बनेंगे फ्लाईओवर

गया । दैनिक जागरण के लोकप्रिय कॉलम प्रश्न पहर में गुरुवार को जिलाधिकारी अभिषेक सिंह मौजूद रहे। उनके साथ नगर निगम और बिजली विभाग आदि के अधिकारी-कर्मचारी भी थे। फोन पर उनसे पाठकों के कई सवाल किए। कुछ इलाके के विकास और समस्या से जुड़े प्रश्न थे तो कुछ चैन-सुकून से वास्ता रखने वाले सवाल। जिलाधिकारी और उनके मातहतों ने आश्वस्त किया कि समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान होगा। कई काम तो शुरू भी हो चुके हैं और कुछ योजनाएं प्रस्ताव के स्तर पर हैं। जिलाधिकारी की मानें तो सरकार और पुलिस-प्रशासन जनता की सेवा-सुविधा के लिए हैं। अपने धार्मिक-सांस्कृतिक महत्व के कारण गया और बोधगया वैसे भी नामचीन जगहों में से हैं। इसे सहज, सुंदर और सुविधा संपन्न बनाने की दिशा में काम चल रहा है।

loksabha election banner

-------

मानपुर सिक्सलेन पुल पर बराबर जाम की समस्या बनी रहती है।

गोपाल पटवा, मानपुर

सड़क जाम की समस्या के निदान के लिए फ्लाई ओवर बनाने का प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजा गया है। मानपुर सिक्स लेन पुल से बाटा मोड़ तक फ्लाई ओवर बनाने का प्रस्ताव है। अबगिला के पास सड़क की चौड़ीकरण करने की योजना है ताकि आवागमन सुदृढ़ हो सके। जाम से निजात दिलाने के लिए मानपुर अबगिला से एक बाईपास भी निकालने का प्रस्ताव है।

वजीरगंज बाजार में अतिक्रमण के कारण नाले का पानी सड़क पर बह रहा है। यहां से गुजरने में पिंडदानियों को परेशानी होगी

अशोक प्रसाद वजीरगंज

इसका संज्ञान लिया गया है। अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सड़क की चौड़ीकरण का कार्य कराने के लिए निविदा निकाली गई है। जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा।

मानपुर व्यवसायी क्षेत्र होने के बाद भी यहां दो पालियों में सफाई नहीं कराई जाती।

प्रमिला देवी पटवा मानपुर

यह मामला पूरी तरह नगर निगम क्षेत्र में आता है। आपके क्षेत्र में सफाई नहीं होती है, इससे अवगत कराते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।

ब्रह्मायोनी पहाड़ पर प्रकाश व सुरक्षा बल की तैनाती का आग्रह किया गया ताकि पिंडदानी निर्भीक होकर कर्मकांड कर सकें।

अमित शेखर, माड़नपुर

-ब्रह्मायोनी पहाड़ पर जाने वाले मार्ग पर प्रकाश की व्यवस्था की गई है। फिर भी समुचित व्यवस्था नहीं है तो नगर निगम व बिजली विभाग को निर्देश दिए गए हैं। जहां तक सुरक्षाबलों की तैनाती की बात है तो पितृपक्ष मेला में पहाड़ पर अस्थायी तौर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति रहती है।

तेल बिगहा राजेंद्र पथ न्यू एरिया में नाले की सफाई मेला पूर्व नहीं कराई गई है। यहां के 200 घरों में पानी की समस्या बनी हुई है।

मनोज कुमार, तेल बिगहा, गया

नाले की सफाई कराने के लिए नगर निगम को निर्देश दिया गया है। साथ ही बहुत जल्द बुडको के सहयोग से पानी की समस्या का समाधान होगा।

शहर के दिग्घी तालाब के बालाजी मार्केट के पास प्याऊ तीन माह से खराब है। इस मार्ग से गुजरने वाले पिंडदानियों को पानी की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

महेंद्र कुमार, दिग्घी तालाब

प्रश्न पहर में डीएम के साथ में रहे नगर निगम उप नगर आयुक्त को तत्काल उसकी मरम्मत कर सूचना देने का निर्देश दिया गया है।

मानपुर पुरानी मदरसा के समीप पानी की समस्या है।

शाहिद, मानपुर

जांच करा लेते हैं कि नगर निगम या प्रखंड क्षेत्र में आता है। उसके बाद पानी की समस्या का समाधान कराने के लिए संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया जाएगा।

न्यू एरिया कालीबाड़ी में नाले का निर्माण नहीं कराने से जलजमाव की समस्या मोहल्ले के लोगों को झेलनी पड़ रही है।

मोनी कुमारी, समीर तकिया न्यू एरिया

इस मोहल्ले में वर्षो से व्याप्त समस्या के अवलोकन करने के लिए नगर निगम के अधिकारी को निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट आने पर समस्या का समाधान कराया जाएगा।

घर-घर नल-जल योजना के लाभ से सारसू गांव के लोग वंचित हैं। यहां कार्य शुरू नहीं हुआ है।

बबलू सिंह, सारसू गांव, मोहड़ा

इस गांव में अभी योजना की शुरुआत नहीं की गई है। आप आश्वास्त रहें, इसी माह में योजना की शुरुआत होगी। हर हाल में नवंबर तक कार्य को पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।

मंगलागौरी से प्राथमिक विद्यालय मेहंदी बाग के रास्ता पर एक बड़ा चट्टान रखा गया। इससे बच्चे व आम लोगों को परेशानी हो रही है। यह चट्टान विगत 13 अगस्त से पड़ा है।

विष्णु कुमार सिन्हा, गोदावरी भैरों स्थान

यह अभी संज्ञान में आया है। इसे संबंधित विभाग के अधिकारी को भेजकर स्थलीय जांच कराकर चट्टान को हटाया जाएगा।

बिसार तालाब से नूतन नगर होते हुए कालीबाड़ी जाने वाला मार्ग काफी जर्जर है। इस मार्ग से पिंडदानी आते हैं।

सियाराम शर्मा, नूतन नगर

यह सड़क नगर निगम की है। इसे चालू वित्तीय वर्ष में प्लान में लेने के लिए निगम के अधिकारी को निर्देश दिया गया है। इसे निगम बोर्ड से पारित कराकर तत्काल निर्माण कराया जाएगा।

बाराचट्टी के तिलैया एवं भगहर गांव के लोग बिजली कटौती से परेशान हैं। धान की फसल जल रही है।

अभिषेक कुमार सिंह, बाराचट्टी व अविनाश कुमार बारा पंचायत

बिजली कटौती की जानकारी बिजली विभाग से ले रहे हैं। समस्या का समाधान जल्द ही निकाला जाएगा।

मोहनपुर-बाराचट्टी सड़क खस्ताहाल है। नल-जल योजना का लाभ नहीं मिला है।

आनंद कुमार, लखैपुर मोहनपुर

मोहनपुर-बाराचट्टी सड़क का डीपीआर तैयार हो गया है। निविदा निकालने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा। लखैपुर गांव में नल-जल योजना इस माह में शुरू होगी। कार्य में गुणवत्ता के लिए स्थानीय लोगों को भी निगरानी रखना होगा।

वागेश्वरी पावरगंज पीएनबी के पास गंदगी, अतिक्रमण से मोहल्ले के लोग परेशान हैं। निगम अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

रवि शंकर प्रसाद वागेश्वरी रोड

आपके द्वारा ध्यान दिलाने के बाद नगर निगम को कार्रवाई करते हुए सफाई कराने का निर्देश दिया गया है।

गौरक्षणी बस स्टैंड पर सड़क जाम की समस्या से लोग बेहाल हैं।

राजीव कुमार सिंह, सिद्धार्थपुरी कॉलोनी मानपुर

मानपुर बस स्टैंड को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए जगह चिह्नित की गई है। इसके लिए प्रशासनिक कार्य चल रहा है। जल्द ही बस स्टैंड को स्थानांतरण कर जाम की समस्या से निजात दिलाया जाएगा।

वागेश्वरी गुमटी पर बढ़ते अपराध से लोग दहशत में हैं। शाम छह से रात 11 बजे तक पुलिस की गश्ती हो।

दिलीप कुमार मंडल, लोको कॉलोनी

वागेश्वरी गुमटी के आसपास बढ़ती वारदात संज्ञान में है। गश्ती कराई जाएगी ताकि शांति व्यवस्था कायम रहे।

डोभी-औरंगाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग व चेरकी सड़क खस्ताहाल है। जगह-जगह गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं।

रिशु राज, नूतन नगर, शेरघाटी

यह सड़क संज्ञान में है। जीटी रोड को सिक्सलेन किया जाएगा। शेरघाटी के कई पुल क्षतिग्रस्त हैं। उसकी मरम्मत कराने के लिए निविदा निकाली गई है। बारिश के बाद जर्जर सड़क व पुल की मरम्मत की जाएगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.