Gaya News; गया में प्राइवेट सार्वजनिक वाहन मालिकों की मनमानी, वाहनों में ओवरलोडिंग, यात्रियों से वसूल रहे अधिक किराया
Gaya News गया में प्राइवेट सार्वजनिक वाहन मालिक यात्रियों से वसूल रहे मनमाना किराया वसूल रहे हैं। हालांकि पहले कोरोना संक्रमण के काल के पहले ऐसी स्थिति नहीं थी। इस समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन उदासीन बना हुआ है।
गया, जेएनएन। गया जिले के बेलागंज प्रखंड क्षेत्र से चलने वाले सवारी वाहनों के संचालकों द्वारा यात्रियों से मनमाना किराया वसूल कर आर्थिक दोहन किया जा रहा है। वाहनों में ओवरलोडिंग की भी समस्या है। इन कारणों से यात्रियों एवं वाहन संचालको से नोकझोंक आम बात हो गयी है।
गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवस्थित बेलागंज से ग्रामीण क्षेत्रों के अलावे जिला मुख्यालय सहित विभिन्न प्रखण्डों के लिये बड़ी संख्या में छोटी एवं बड़ी वाहनों का संचालन होती है। प्रखंड मुख्यालय से जिला मुख्यालय की दूरी 20 किलोमीटर है और वाहन संचालक यात्रियों से किराया के रूप में लेते है 30 रुपया। यही स्थिति है खिजरसराय के लिये भी, जहां दूरी है मात्र 12 किलोमीटर लेकिन किराया है 30 रुपया। बेलागंज से टिकारी की दूरी है 11 किलोमीटर और भाड़ा है 30 रुपया। मखदुमपुर की दूरी है 12 किलोमीटर और किराया है 20 रुपया। जो न तो व्यवहारिक रूप से सही है और न ही सरकारी मापदंड के अनुसार सही है। इसके कारण नित्य यात्रियों एवं वाहन संचालको के बीच झड़प होना आम बात हो गयी है। जबकि, यह स्थिति पहले नही थी।
करौना काल के दौरान वाहनों के शुरू हुए परिचालन के बाद भाड़ा में वेतहासा वृद्धि हुई। शुरुआत में तो लोग इसे कम वाहनों के परिचालन को कारण मान किराया सुलभ तरीके से दे देते थे। लेकिन वर्तमान में वाहनों में भेड़-बकरी की तरह लादने के बाद भी किराया से अधिक जबरन वसूली से आम जन परेशान हैं। जिसके लिये प्रशासनिक स्तर पर कोई देखरेख नही होने से संचालको का मनोबल बढ़ा रहता है। जिसका परिणाम होता है कि वाहन संचालक यात्रियों के साथ मारपीट पर भी उतारू हो जाते हैं।