Gaya Crime: बिहार के गया में वार्ड सदस्य की हत्या, दरवाजे पर सोते समय अपराधियों ने चाकू से गोदा
गया के बाराचट्टी प्रखंड क्षेत्र के धनगांई थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक वार्ड सदस्य की हत्या कर दी गई। चाकू से गोदकर जान ली गई है। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। पुलिस तफ्तीश कर रही है।
संवाद सूत्र बाराचट्टी (गया)। गया जिले के धनगांई थाना क्षेत्र के धनगांई गांव के रहने वाले वार्ड सदस्य दिलीप साव (48) की हत्या मंगलवार की देर रात कर दी गई। चाकू से गोदकर उनकी हत्या की गई है। घटना उस समय हुई जब वे अपने दरवाजे पर सोए थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उनकी हत्या कर दी। घटना से लोग काफी आक्रोशित हैं। कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
खून से लथपथ था चेहरा
स्वजनों ने बताया कि दरवाजे पर सोने वाले दिलीप हर दिन सुबह में उठकर घर के बाहर साफ-सफाई करते थे। परंतु बुधवार की सुबह देर तक कोई चहल-पहल नहीं देख पत्नी कलावती देवी उन्हें जगाने पहुंची। आवाज देने पर भी कोई हलचल नहीं होने पर उन्होंने कंबल खींचा। खून से सना दिलीप का चेहरा देखकर वह सन्न रह गई। बिछावन पर हर ओर खून पसरा था। यह देख कलावती दहाड़े मार कर रोने लगी। गांव के लोग दौड़े। हत्या की खबर गांव मे आग की तरह फैल गई। हर कोई वहां का नजारा देखकर सन्न रह गया। सूचना मिलते ही धनगांई थानाध्यक्ष मुनना कुमार एवं एसएसबी जवान घटना स्थल पर पहुंचे। मामले की तहकीकात शुरू कर दी।
शराब पीने पर बेटे को लगाई थी डांट और बंद कर दिया था कमरे में
जानकारी के अनुसार दिलीप का पुत्र ललित नारायण शराब पीकर गांव में हो हल्ला कर था। इस बात को लेकर बाप-बेटे के बीच बहस हुई। बाद में परिवार वालों ने ललित को रात में घर के एक कमरे में बंद कर दिया था। सुबह पिता की हत्या के बाद ललित को कमरे से निकाला गया।
स्वान दस्ता के सहयोग से भी नहीं मिली सफलता
थानाध्यक्ष की पहल के बाद स्वान दस्ता को लाया गया। घटनास्थल से दिलीप के घर के पीछे होते हुए गांव के हाहेसाड़ी रोड में एक बंगला ईंट भट्ठे के पास जा कर रुक गया। कयास लगाया जा रहा है कि दिलीप के हत्या कर आरोपित उसके घर के पीछे से होते हुए भटा तक जा पहुंचा। थानाध्यक्ष के अनुसार मृतक के पुत्र से पूछताछ की जा रही है।