बिहार में नक्सली के भाई की अपराधियों ने की गोली मारकर हत्या, एसएसपी बोले-जमीन का था विवाद
गया जिले के नक्सल क्षेत्र डुमरिया प्रखंड के में पूर्व पंचायत समिति सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के विरोध में लोगाें ने गया-इमामगंज सड़क को जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक लोगों ने आवागमन बाधित रखा।
डुमरिया (गया), संवाद सूत्र। गया जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र डुमरिया के छकरबंधा थाना के महुलीनिया निवासी छोटू पासवान की अज्ञात अपराधियों ने रविवार सुबह गोली मारकर हत्या करा दी। छोटू पासवान पूर्व पंचायत समिति सदस्य थे। अपराधियों को गिरफ्तारी की मांग को लेकर इमामगंज डुमरिया मोड़ स्थित स्टेट हाइवे 69 पर शव रखकर जाम कर दिया। इसके बाद इमामगंज एसडीपीओ अजित कुमार व थानाध्यक्ष नैयर एजाज अहमद सड़क जाम स्थल पहुंचे। पुलिस पदाधिकारी ने ग्रामीण व स्वजनों को उचित न्याय देने का भरोसा दिलाया। उन्हें समझा बुझाकर करीब तीन घंटे बाद जाम को हटाया गया। घटना का कारण जमीन का विवाद बताया गया है।
बाइक से आए तीन अपराधी और गोली मारकर हुए फरार
बताया जाता है कि पूर्व पंचायत समिति सदस्य छोटू पासवान सुबह में अपने तालाब के पास टहल रहे थे। उसी समय एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग आए। पास आते ही उनके सिर में गोली मार दी और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर स्वजन व ग्रामीण दौड़े। खून से लथपथ छोटू पासवान को इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकितसकों ने छोटू पासवान को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा। उनलोगों ने सड़क जाम कर दिया।
कुछ दिन पहले की थी पुत्री की शादी
स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार इसी माह 22 मई को छोटू पासवान ने अपनी बेटी नीलम की कुमारी की शादी की थी। इस बार होने वाले पंचायत चुनाव में मुखिया का चुनाव लड़ने वाले थे। इधर इमामगंज प्रखंड के स्टेट हाईवे 69 डुमरिया मोड़ स्थित छोटू पासवान हत्या के विरोध में शव रखकर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। वरीय पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार ने बताया कि जमीन के विवाद में हत्या की गई है। हत्या का कारण नक्सली संगठन नहीं है। मृतक का भाई नक्सली संगठन में है। यह जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जा रही है। लेकिन घटना के पीछे नक्सली संगठन का हाथ नहीं है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव स्वजनों को सौंपा गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ इमामगंज के देखरेख में छापामारी की जा रही है।