Bihar Crime: नवादा में महिला मुखिया के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, घर पर पर्ची चिपका लिखी ये बात
नवादा के कौआकोल थाना क्षेत्र के सोखोदेवरा पंचायत की मुखिया लीला देवी के पावापुरी गोवरैया आवास पर शनिवार देर रात अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैला दिया। करीब छह राउंड फायरिंग की गई। साथ ही परचा चिपकाकर दस लाख रंगदारी भी मांगी गई है।
संवाद सूत्र, कौआकोल (नवादा)। प्रखंड के सोखोदेवरा पंचायत की मुखिया लीला देवी के पावापुरी गोवरैया स्थित आवास पर शनिवार की देर रात रात अपराधियों ने गोलीबारी कर एक बार फिर दहशत फैला दिया। अपराधियों ने मुखिया के घर पर छह राउंड से अधिक फायरिंग की। अपराधियों ने फायरिंग के बाद एक पोस्टर भी मुखिया के घर पर चिपका दिया। उसपर दस लाख रुपये रंगदारी देने और नहीं देने पर जान से मार देने की धमकी दी गई है। घटनास्थल से पांच खोखा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। इधर रविवार को मुखिया लीला देवी ने कौआकोल थाना पहुंचकर तीन-चार अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
रात सवा दस बजे की गई छह राउंड फायरिंग
घटना के संबंध में मुखिया के पुत्र संतोष कुमार उर्फ योगी त्यागनाथ ने बताया कि शनिवार की रात वे सपरिवार सोए थे। अचानक सवा दस बजे के अासपास उनके घर पर फायरिंग की जाने लगी। गोली की आवाज सुनकर उन्होंने कौआकोल पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। घटनास्थल से तीन खोखा बरामद कर अपने साथ लेकर चली गई। रविवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों की मौजूदगी में घटनास्थल से दो और खोखा एवं एक 9 एमएम का जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूर्व में भी हो चुकी है फायरिंग और मांगी गई रंगदारी
घटना के बाद मुखिया सपरिवार काफी दहशत में हैं। योगी त्यागनाथ ने बताया कि इसके पूर्व भी अपराधियों ने 23 जून 17 को फोन पर दो लाख रुपये रंगदारी, 29 जनवरी 18 को उनके घर पर गोलीबारी कर दस लाख रुपये रंगदारी एवं 27 सितंबर 20 को मोबाइल पर फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की जा चुकी है। इन मामलों की अलग-अलग प्राथमिकी कौआकोल एवं नगर थाना नवादा में दर्ज है। बावजूद पुलिस ने एक भी मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। वहीं इस संबंध में कौआकोल थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना के बाद रात में ही मुखिया के घर पहुंचकर घटना की तफ्तीश की गई। पुलिस तहकीकात में जुटी है।