झारखंड की युवती की हत्या मामले में नवादा के थाने में प्राथमिकी दर्ज, पिता ने लगाए ये गंभीर आरोप
नवादा के रजौली में होंडा शो रूम के संचालक व उनके भाइयों समेत पांच पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। झारखंड के हजारीबाग निवासी मृतका के पिता ने यह मामला दर्ज कराया है। इसमें गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
रजौली (नवादा), संवाद सहयोगी। रजौली के ब्लॉक रोड स्थित होंडा शोरूम संचालक अरुण विश्वकर्मा की पत्नी की मौत मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में मृतका के पिता झारखंड के हजारीबागज जिले के मकुनगंज निवासी अशोक विश्वकर्मा ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें अपने दामाद समेत पांच पर दहेज हत्या का आरोप लगााय है। रविवार को अंजली देवी का शव फंदे से लटका मिला था। ससुराल के लोगों का कहना था कि उसने आत्महत्या कर ली है। प्राथमिकी में पति समेत भैंसुर अरविंद विश्वकर्मा, देवर छोटू विश्वकर्मा, सास एवं जेठानी को नामजद किया गया है।
शादी के बाद से ही किया जाने लगा प्रताड़ित
प्राथमिकी में अशोक विश्वकर्मा ने बताया है कि 29 नवंबर 2017 को धूमधाम से अपनी बेटी अंजली (22) की शादी उन्होंने लक्ष्मण विश्वकर्मा के बेटे अरुण विश्वकर्मा के साथ की थी। एक वर्ष तक तो सब कुछ ठीक-ठाक रहा।लेकिन इसके बाद अंजली को प्रताड़ना देने का सिलसिला शुरू हो गया। ससुराल वाले अक्सर उसके साथ मारपीट किया करते थे। इसकी सूचना भी वह कभी-कभार फोन पर दिया करती थी।अपनी पीड़ा बयां करती थी। तब वे बेटी को किसी तरह समझाकर शांत कराते थे।
यह भी पढ़ें- Aurangabad: गर्भवती महिला को ससुरालवालों ने दहेज के लिए मार डाला, फंदे से लटका दिया शव
दामाद ने मांगे थे पांच लाख रुपये
इस क्रम में लगभग तीन महीने पूर्व दामाद ने फोन कर उन्हें कहा कि लग्न के समय में पांच लाख की जरूरत है। इसलिए वे उनकी मदद करें। लेकिन जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया तो वे आग बबूला हो गए थे। इसी रंजिश को लेकर वे अंजली के साथ मारपीट करने लगे थे। इसी क्रम में रविवार को मारपीट के बाद गर्दन दबा कर उसकी हत्या कर दी। थानाध्यक्ष दरबारी चौधरी ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच-पड़ताल की जा रही है। मालूम हो कि रविवार को अंजली का शव फंदे से लटका मिला था। पारिवारिक विवाद में आत्महत्या की बात कही गई। इस बीच अब प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है।