Bihar: ससुर की मौत पर मातमपुर्सी करने गई थी महिला सिपाही, जानिए क्यों पुलिस ने किया गिरफ्तार
कोरोना से ससुर की मौत के बाद मातमपुर्सी करने गई महिला सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला सिपाही के खिलाफ पति को जहर देकर हत्या करने की प्राथमिकी पिछले वर्ष दर्ज कराई गई थी। इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया।
डेहरी ऑन सोन (रोहतास), संवाद सहयोगी। पति की हत्या की आरोपित महिला सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। रोहतास थानाध्यक्ष राजीव रंजन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार महिला सिपाही दुर्गा कुमारी पर पति देव कुमार पासवान को जहर देकर मारने का आरोप है। उस पर बीते वर्ष रोहतास थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दुर्गा कुमारी रोहतास थाना क्षेत्र के सुंदरगंज गांव निवासी प्रयाग पासवान की पुत्री है। उसकी शादी चुटिया थाना क्षेत्र के तियरा खुर्द गांव निवासी शिक्षक प्रेम लाल पासवान के पुत्र देव कुमार पासवान से वर्ष 2010 में हुई थी।
पति ने खुद खा लिया था जहर
दुर्गा कुमारी ने पति को जहर देकर मारने के आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि मोतिहारी में उसकी पोस्टिंग थी। वहां पति व तीन बच्चों के साथ रहती थी। बीते वर्ष जून में वह छुट्टी में सपरिवार मायके आई थी। यहां कुछ दिन रहने के बाद पति को लेकर तिलौथू बाजार गई। वहां सामान की खरीदारी कर लौट रही थी। टेंपो में बैठी कि पति ने कहा कि दो मिनट में आते हैं। इसके बाद वे जले गए। थोड़ी देर बाद लौटे टेंपो रवाना हुआ। रास्ते में पति की तबियत बिगड़ने लगी। पूछने पर बताया कि उन्होंने जहर खा लिया है। यह सुनकर वह सन्न रह गई। जब तक कुछ करती पति की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर ससुर ने जहर देकर मारने की प्राथमिकी दर्ज करा दी।
ससुर की मौत के बाद गई थी ससुराल तो हुई गिरफ्तार
दुर्गा के ससुराल में कोरोना ने कहर बरपाया है। 28 अप्रैल को सास की मौत हुई और रविवार को ससुर की। ससुर की मौत पर वह खुद को रोक नहीं पाई। मातमपुर्सी करने ससुराल पहुंची। वहां ससुरालवालों ने उसे देखकर हंगामा कर दिया। इसकी खबर पुलिस को दे दी। वहां से लौटते समय पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।