बिहार में डबल मर्डर: सनकी युवक ने पहले अपने भाई, फिर मां को मार डाला
बिहार के गया में डबल मर्डर से सनसनी फैल गयी है। मामला नासरी गंज थाना क्षेत्र का है। यहां एक सनकी युवक ने पहले अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। फिर उसने अपनी मां को भी मार डाला।
गया [जेएनएन]। बिहार के गया में डबल मर्डर से सनसनी फैल गयी है। मामला नासरी गंज थाना क्षेत्र का है। यहां एक सनकी युवक ने पहले अपने छोटे भाई की हत्या कर दी। छोटे भाई का पक्ष लेने के कारण उसने अपनी मां को भी मार डाला। मामले की जानकारी तब हुई, जब बेटी ने पुलिस से फोन नहीं उठाने की शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया जा रहा है।
गया के नासरीगंज स्थित पडूरी गांव में मंटू पांडेय का अपने बड़े भाई धर्मेंद्र पांडेय से विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर घर में बराबर लड़ाई झगड़ा होते रहता था। बात बढ़ने पर युवक ने अपने भाई मंटू पांडेय की हत्या कर दी। बीच बचाव कर रही मां को भी मार डाला। इसके बाद घर बंद कर आरोपी बेटा धर्मेंद्र फरार हो गया।
दरअसल मृतका की बेटी दो दिनों से घर पर फोन कर रही थी, लेकिन कोई फोन नहीं उठा रहा था। जब वह परेशान हो गई तो पड़ोसी को भी फोन किया। तब मालूम हुआ कि घर का दरवाजा बाहर से बंद है। किसी अनहोनी की आशंका से इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो देखकर सन्न रह गए। अंदर में 31 वर्षीय मंटू पांडेय और उसकी मां धनवार्ता कुंवर के शव पड़े हुए थे। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर आरोपी धर्मेंद्र पांडेय की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को शंका है कि दोनों की हत्या दो दिन पहले ही कर दी गई है।