इंटरनेट पर वायरल कर दिया महिला का डर्टी वीडियो, फिर रोहतास पुलिस पहुंच गई रांची
इंटरनेट पर रोहतास की रहने वाली एक महिला का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा था। जब वीडियो देखने वाले लोगों ने औरत को फोन और मैसेज के जरिए अश्लील कमेंट्स करने लगे तो पीडि़ता को घटना की जानकारी हुई।
संवाद सहयोगी, डेहरी ऑनसोन (सासाराम)। इंटरनेट पर रोहतास की रहने वाली एक महिला का वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा था। जब वीडियो देखने वाले लोगों ने औरत को फोन और मैसेज के जरिए अश्लील कमेंट्स करने लगे तो पीडि़ता को घटना की जानकारी हुई। पता चला कि उसके नाम पर फर्जी फेसबुक अकाउंट भी है। उसी पर गंदा वाला वीडियो पोस्ट किया गया है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद महिला ने नासरीगंज थाने में प्राथमिकी कराई और रोहतास पुलिस हरकत में आ गई। रोहतास एसपी आशीष भारती की मानें तो आरोपित रंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह गया जिले के शेरघाटी थानांतर्गत फतेहपुर गांव का रहने वाला है। हालांकि, मामला पुलिस में जाते ही वह झारखंड की राजधानी रांची के सुखदेव नगर में छिप गया था। पुलिस उसके पास से एंड्रायड सेलफोन का सेट भी बरामद किया है, जिससे अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनेट पर डाला गया था।
लूट और डकैती कांडें में फरार अभियुक्त गिरफ्तार
डेहरी: नोखा थाना क्षेत्र में छह वर्ष पूर्व में हुई लूट की घटना में संलिप्त आरोपित को शुक्रवार को गिरफ्तारी में पुलिस को कामयाबी मिली है। एसपी आशीष भारती ने बताया कि आरोपित के रोहतास थाना क्षेत्र के नावाडीह में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद वहां छापेमारी की गई। पुलिस ने रोहतास थाना क्षेत्र के भुअरा गांव के रहने वाले आरोपी अरुण कुमार को रोहतास थाने के सहयोग से गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में पूर्व में भी तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। एसपी ने बताया कि आरोपी के ऊपर नोखा थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट, डकैती के दो मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य स्थानों से इसके अपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है। अन्य कांडों के अपराधियों को भी पकड़ा जा रहा है।