वाराणसी में रहकर करता था मजदूरी, भभुआ के बाजार भतीजे के साथ गया पर नहीं लौटा, सुबह नहर के पास देखा तो उड़े होश
संजय बिंद वाराणसी में रहकर मजदूरी का कार्य करता है। रविवार को घर पहुंचा था। तीन बजे के करीब अपने भतीजे किसान बिंद के साथ बाइक से कहीं घूमने के लिए गया। देर रात तक वापस नहीं आया। सोमवार की सुबह नहर में उसका शव मिला।
संवाद सूत्र, चैनपुर: थाना क्षेत्र अंतर्गत ईसापुर बधार के पास स्थित नहर के चाट में सोमवार की सुबह एक युवक का शव बरामद होने से स्थानीय क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों की काफी संख्या में भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने चैनपुर थाना को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर चैनपुर थाना लाने के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान ग्राम गाजीपुर बलुवा निवासी रामदेव बिंद के 37 वर्षीय पुत्र संजय बिंद के रूप में हुई है।
घटना के बाद बदहवास होकर रोती महिला
हत्या कर शव को नहर में फेंकने की जताई आशंका
मृतक के बड़े भाई धनजीत बिंद ने बताया कि संजय बिंद वाराणसी में रहकर मजदूरी का कार्य करता है। रविवार को घर पहुंचा था। तीन बजे के करीब अपने भतीजे किसान बिंद के साथ बाइक से कहीं घूमने के लिए गया। देर रात तक वापस नहीं आने पर घर वाले परेशान होकर खोजबीन करने लगे। मोबाइल स्विच ऑफ बता रहा था। लेकिन कुछ भी जानकारी नहीं मिली। सोमवार की सुबह जब स्थानीय लोग नहर के तरफ गए तो नहर में शव देखा। जिसके बाद इसकी सूचना चैनपुर थाने को दी गई। परिजनों का कहना है कि शव देखने से ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे संजय बिंद के साथ किसी के द्वारा मारपीट की गई हो। चेहरे पर चोट के निशान हैं। गले पर गला दबाने के निशान है। परिजनों ने विश्वास जताया है कि संजय बिंद की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया है।
युवक के साथ गया दूसरा युवक दुर्घटना में घायल
वहीं चैनपुर थानाध्यक्ष उदय भानु सिंह ने बताया कि घटना की सूचना सोमवार की सुबह प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल मौके पर पुलिस पहुंची। जानकारी मिली है कि उक्त युवक के साथ एक और युवक था। वह भी दुर्घटना में घायल है। वह भी थाना पहुंच चुका है। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत ही मामले का खुलासा हो पाएगा।