Gaya Crime: गया के अतरी में हत्या कर तालाब में फेंका महिला का शव, नहीं हो सकी है पहचान
गया के अतरी में तालाब से पुलिस ने एक महिला का शव बरामद किया है। करीब 25 वर्षीय मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। आशंका है कि हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को यहां फेंका गया है।
संवाद सहयोगी, अतरी (गया)। अतरी थाना क्षेत्र चकरा पंचायत के एक तालाब से अज्ञात महिला का शव पुलिस ने बरामद किया है। उसे पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। श्ाव देखकर प्रतीत होता है कि यह कई दिन पुराना है। देखने से शरीर पर किसी जख्म का स्पष्ट पता नहीं चल पा रहा है। आशंका है कि हत्या कर शव को फेंका गया है।
शरीर पर था जिंस और टॉप
ग्रामीणों ने बताया कि रंगपुर भोजपुर के फील्ड के किनारे मुकेश यादव ने तालाब में एक महिला शव लोगों दिखा। शव देख सनसनी फैल गई। देखते ही देखते वहां काफी भीड़ जुट गई। लेकिन उसे कोई पहचान नहीं सका। इसकी सूचना अतरी थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। उसकी पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन किसी ने उसकी शिनाख्त नहीं की। इसके बाद पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल गया भेज दिया।
देखने से संपन्न परिवार की होती है प्रतीत
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास है। उसके शरीर पर जींस और टॉप है। शव पूरी तरह सड़-गल चुका है। इस कारण शरीर पर कोई जख्म नहीं दिख रहा। संभव है कि यह करीब 15 दिनों से पानी में पड़ा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि मौत कैसे हुई है। देखने से वह संपन्न परिवार की लगती है। यहां उसकी हत्या कर शव को छिपाया गया है या फिर कैसे उसकी मौत हुई है, यह तो जांच का विषय है। इधर शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। लोगों का कहना है कि अन्यत्र हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। साक्ष्य छिपाने की नीयत से ऐसा किए जाने की आशंका है। बहरहाल पुलिस के लिए पहले तो उसकी पहचान ही चुनौती बनी हुई है।