Gaya: एक दिन पूर्व लापता महिला का कुएं में मिला शव, पारिवारिक विवाद में तो नहीं कर ली आत्महत्या
गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पलुहड़ पंचायत के जोला बीघा गांव के बधार में स्थित एक कुआं में गुरुवार की सुबह एक महिला का शव पानी में उपलाता मिला। आशंका जताई जा रही है पारिवारिक कल में उसने आत्महत्या कर ली।
टिकारी (गया) संवाद सहयोगी। गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पलुहड़ पंचायत के जोला बीघा गांव के बधार में स्थित एक कुआं में गुरुवार की सुबह एक महिला का शव पानी में उपलाता मिला। सुबह बधार में घूमने गए गांव के ग्रामीणों ने कुंआ में शव देखा और इसकी सूचना गांव के ग्रामीणों को दी। जिसके बाद गांव में सनसनी फैल गई और ग्रामीण शव को देखने के लिए घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। देखते ही देखते कुंआ के पास ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। वंहा जुटी भीड़ ने महिला की पहचान गांव के ही रामाकांत यादव की 35 वर्षीय पत्नी जीरा देवी के रूप में की है। जिसके बाद इसकी सूचना टिकारी पुलिस प्रशासन को दी गई।
बुधवार को थाने में की गई थी शिकायत
घटना की सूचना के बाद थानाध्यक्ष राहुल रंजन के नेतृत्व में पुलिस दल घटना स्थल पहुंचकर मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव की पहचान के आधार पर इसकी सूचना मृतका के स्वजनों को देते हुए उसके आने का इंतजार कर रही है। थानाध्यक्ष राहुल रंजन ने बताया कि बुधवार को उक्त महिला के गायब होने की लिखित सूचना उसके पति द्वारा पुलिस प्रशासन को दी गई थी। जिसके बाद पुलिस उसे ढूंढने की करवाई कर रही थी। इसी बीच सुबह में कुंआ में उक्त महिला के शव मिलने की सूचना पर पुलिस आगे की करबाई कर रही है।
रामाकांत की दूसरी पत्नी थी जीरा
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका जीरा देवी रामाकांत की दूसरी पत्नी थी। लगभग एक दशक पूर्व उसकी पहली पत्नी ने जहर खाकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली थी। जिसके बाद रामाकांत ने जीरा देवी से दूसरी शादी की थी। ग्रामीणों की माने तो जीरा देवी के साथ प्रायः घर के सदस्य मारपीट करते थे और पारिवारिक कलह एवं उत्पीड़न से ऊबकर उक्त महिला ने कुंआ में कूदकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली।