नष्ट की गई 27 एकड़ में लगी अफीम की फसल
गया। थाना क्षेत्र के फुनगुनीया-दोवाट गाव में 27 एकड़ भूमि पर अफीम की खेती गुरुवार को नष्ट कर दी गई
गया। थाना क्षेत्र के फुनगुनीया-दोवाट गाव में 27 एकड़ भूमि पर अफीम की खेती गुरुवार को नष्ट कर दी गई। थानाध्यक्ष सवर्ण प्रभात ने बताया कि एसएसबी के इंस्पेक्टर आदित्य कुमार तथा जिला पुलिस बल के नेतृत्व में ट्रैक्टर द्वारा फसल नष्ट की गई। फुनगुनिया गांव में 22 एकड़ तथा दोवाट गांव में पांच एकड़ भूमि पर अफीम की खेती हो रही थी। ये खेत पहाड़ से सटे हुए हैं। इस कार्रवाई में नारकोटिक्स और वन विभाग की भी टीम शामिल थी। इस इलाके में अफीम की खेती व्यापक पैमाने पर की जाती है। इसकी खेती को लेकर बाराचट्टी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित रहा है। हाल के वर्षो में इस पर लगाम लगाने को लगातार कार्रवाई की गई, फिर भी चोरी-छिपे खेती शुरू कर दी जाती है। इसके पीछे नक्सलियों का भी कनेक्शन है। इसके पहले भी बीते महीनों में खेती नष्ट की गई थी। जिला प्रशासन, वन विभाग और नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों की बैठक भी हुई थी, जिसमें इस पर नियंत्रण को लेकर रणनीति बनाई गई थी। इसके बाद लाइन होटलों में छापेमारी के दौरान तरल अफीम भी बरामद की गई थी। यहां से अफीम ले जाते तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया था। बहरहाल, एक बार अफीम की खेती नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।