गया: दहेज की खातिर बेटी की हत्या, पति, ससुर, सास, भैसुर सहित एक अन्य को बनाया अभियुक्त
मृतका के पिता ने बताया कि छह माह तक बेटी ससुराल में ठीक से रही। इसके बाद लड़का एवं ससुराल वालों द्वारा दहेज के रूप में पैसे की मांग होने लगी। 20 जनवरी की सुबह सात बजे बरडीहा गांव से फोन आया कि आपकी बेटी का देहांत हो गया है।
संवाद सूत्र, टनकुप्पा : दहेज की खातिर पति, ससुर, सास, भैसुर द्वारा विवाहिता की हत्या कर देने का मामला टनकुप्पा थाना में मृतका के पिता द्वारा दर्ज कराया गया है। बीते 20 जनवरी की सुबह गजाधरपुर पंचायत के बरडीहा गांव में विवाहिता गुड़िया देवी की मौत हो गई थी। गुड़िया के पिता द्वारा सूचना देने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कालेज अन्तःपरीक्षण के लिए भेजा था। मेडिकल में जांच होने के बाद 21 जनवरी को शव का गया विष्णुपद में दाह संस्कार कर दिया गया। गुड़िया देवी के पिता शिवनंदन यादव, ग्राम हेमतपुर, थाना फतेहपुर (गया) द्वारा टनकुप्पा थाना में दहेज के खातिर विवाहिता पुत्री की हत्या कर देने का मामला दर्ज कराया गया।
शिवनंदन यादव ने बताया कि बेटी की शादी एक वर्ष पूर्व अगहन माह में टनकुप्पा प्रखंड के बरडीहा गांव में राबल्लभ कुमार पिता विष्णुधारी यादव के साथ हिन्दू रीति रिवाज के साथ किया गया था। शादी के कुछ माह बाद द्विरामगन किया गया। छह माह तक बेटी ससुराल में ठीक से रही। इसके बाद लड़का एवं ससुराल वालों द्वारा दहेज के रूप में पैसे का मांग की जाने लगी। ससुराल वालों द्वारा बेटी को मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना की जाने लगी। 20 जनवरी की सुबह सात बजे बरडीहा गांव से फोन आया कि आपकी बेटी का देहांत हो गया है। हम सभी परिवार सूचना पाकर बरडीहा गांव गए।
बरडीहा जाने पर बेटी मरी पड़ी मिली। जिसे ससुराल वाले दाह-संस्कार करने की तैयारी में थे। हम सभी को देखकर ससुराल वाले भाग गए। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि इस मामले में लड़का, ससुर, सास, भैसुर, एक शब्दो गांव निवासी को अभियुक्त बनाया गया है। पुलिस मामले की अनुसंधान में जुट गई है। घटना का पता लगाया जा रहा है।