कांग्रेस नेताओं ने कहा- बिहार में तो वैसे भी रात में रहती है कर्फ्यू जैसी स्थिति, यहां लॉकडाउन जरूरी
गया के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिहार में नाइट कर्फ्यू हास्यास्पद है। यहां रात में वैसे भी कोई काम नहीं ही होता है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि एक सप्ताह का लॉकडाउन लगाए। स्वास्थ्य व्यवस्था को भी दुरुस्त करे।
गया, जागरण संवाददाता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सदस्य सह मगध प्रमंडल कांग्रेस प्रवक्ता प्रो. विजय कुमार मिट्ठू ने कहा कि बिहार में कोरोना वायरस की दूसरी लहर को रोकने के लिए नाइट कर्फ्यू कारगर नहीं है। यह उन महानगरों के लिए होता है, जहां रात को भी काम होता है। लेकिन बिहार में तो ऐसा है नहीं। यहां तो रात में ऐसे भी पूरी तरह बंद रहता है। ऐसे में नाइट कर्फ्यू का कोई औचित्य ही नहीं है। इसकी जगह एक सप्ताह पूरी तरह लॉकडाउन कर स्थिति को देखा जाए की चेन टूटती है कि नहीं। महामारी में कमी आती है या नहीं । दूसरे सप्ताह में शुक्रवार की शाम से सोमवार की सुबह तक बंद यानी पूरी तरह लॉकडाउन रखा जाए।
राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बदहाल
नेताओं ने कहा कि सूबे में इलाज की स्थिति काफी दयनीय है। ऑक्सीजन की कमी है, हॉस्पिटल व बेड का अभाव है। जांच व वैक्सीन सुचारू नहीं है। इसे अविलंब दूर करने की आवश्यकता है। सूबे के विधायक, पूर्व शिक्षा मंत्री प्राइवेट अस्पताल में कोरोना से दम तोड़ रहे हैं। नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधीक्षक ऑक्सीजन की आपूर्ति में अनियमितता व कमी बता कर पद से इस्तीफा दे रहे है। पीएमसीएच के डॉक्टर इलाज के बैगर मर गए। सूबे के हजारों कोरोनावायरस वैरियार्स पॉजिटिव हो गए है। जिनमें अधिकारी, डॉक्टर, नर्स, पुलिस आदि शामिल हैं।
कोरोना वायरस से कांग्रेस के पूर्व विधान पार्षद की मौत
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता, असंगठित मजदूर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व एमएलसी व प्रसिद्ध कवि पंडित मोहन लाल महतो वियोगी के पुत्र पंडित गोपाल लाल महतो के निधन से संपूर्ण कांग्रेस परिवार व गयावासी मर्माहत व शोकाकुल हैं।बता दे कि पंडित गोपाल लाल महतो विगत दो दिनों पहले कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए जाने के बाद होम आइसोलेशन में अपने चांदचौरा स्थित आवास पर इलाजरत थे। सोमवार को लगभग पौने एक बजे उनका निधन हो गया। वे लगभग 85 वर्ष के थे। कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।कहा कि स्वर्गीय महतो कांग्रेसजनों के बीच ही नहीं बल्कि जिला के साहित्यकार, कवियों, बुद्धिजीवियों, पत्रकारों व आमजनों के बीच काफी लोकप्रिय थे। कांग्रेस पार्टी के मजदूर संगठन के प्रदेश स्तरीय स्तंभ के रूप में चर्चित रहे। स्वर्गीय पंडित गोपाल लाल महतो को इंदिरा गांधी, राजीव गांधी नाम लेकर तो पुकारते ही थे। आज भी सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जी संजिवा रेड्डी, डॉ. मदन मोहन झा, चंद्रप्रकाश ङ्क्षसह सभी लोग उन्हें दिल से सम्मान देते थे।