जयश्री राम का नारा लगाते हुए रोक दिया पशुओं से लदा ट्रक, तोड़फोड़ व हंगामे के बाद पहुंची इमामगंज पुलिस
गया के इमामगंज में शुक्रवार रात पशुओं से लदे एक ट्रक काे लोगां ने घेर लिया। इसके बाद हंगामा व तोड़फोड़ की। बताया गया कि झारखंड से बिहार के रास्ते पशुओं को बंगाल ले जाने का प्रयास किया जा रहा था।
इमामगंज (गया), संवाद सूत्र। इमामगंज प्रखंड के मुख्य बाजार के कोठी मोड़पर झारखंड से जा रहे मवेशी लदे ट्रक को घेरकर कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। उनलोगों ने ट्रक में तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो गए थे। बताया जाता है कि अवैध तरीके से दुधारू पशु ले जाने की सूचना मिलने पर लोग आक्रोशित हुए थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
झारखंड से बंगाल ले जा रहे थे दुधारू पशु
बताया जाता है कि पशु तस्कर झारखंड के घोरीघाट बाजार से शुक्रवार देर शाम एक ट्रक पर दुधारू पशुओं को लाद कर दूसरे प्रदेश में अवैध रूप से ले जा रहे थे। कुछ लोगों ने इमामगंज मुख्य बाजार स्थित कोठी मोड़ पर ट्रक को घेर लिया। इसके बाद उनलोगों ने ट्रक को आगे जाने से रोक दिया। ट्रक सवार लोगों ने विरोध किया तो उनलोगों ने गाड़ी पर हमला कर दिया। तोड़फोड़ की। इससे गाड़ी का शीशा आदि टूट गया। सूचना पर पुलिस पहुंची। तब तक हमलावर फरार हो गए थे। ट्रक सवार लोगों का कहना था हमलावरों ने जयश्री राम का नारा लगाते हुए गाड़ी में तोड़फोड़ की।
किस संगठन ने रोका-जांच कर रही पुलिस
इधर ट्रक को किस संगठन ने रोका इसकी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। बताया जाता है कि पशु तस्कर झारखंड के बाजारों से मवेशी पशु खरीदकर बिहार के रास्ते बंगाल व अन्य दूसरे प्रदेशों में ले जाते हैं। इसका विरोध कइ दिनों से लोग कर रहे थे। उसी का पता चलने पर इमामगंज में लोगों ने विरोध जताया। इस ट्रक पर 13 दुधारू पशु लादे गए थे। करीब एक घंटे तक बाजार में हो हंगामा होने के बाद इमामगंज पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर मामले को तत्काल शांत कराया। पशुओं से लदे ट्रक को अपने कब्जे में लेजाकर जांच कर रही है।