बैगन लदी पिकअप ने औरंगाबाद में होमगार्ड जवान को कुचला, घटनास्थल पर मौत, चालक भी जख्मी
औरंगाबाद के दाउदनगर में बैगन लदी पिकअप से कुचलकर होमगार्ड के एक जवान की मौत हो गई। दूसरा मामूली रूप से जख्मी हो गया। इस हादसे में पिकअप चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दाउदनगर (औरंगाबाद), संवाद सहयोगी। मौला बाग में सोन नहर पुल के पास रविवार की सुबह करीब पांच बजे ड्यूटी पर तैनात बिहार गृह रक्षक (Bihar Home guards) के जवान सत्येंद्र यादव (58) की पिकअप से कुचलकर मौत हो गई। इस हादसे में पिकअप का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद एक अन्य जवान भी मामूली रूप से जख्मी हो गया। मृतक होमगार्ड हवान औरंगाबाद जिला के फेसर थाना के थेंघवा गांव के निवासी थे।
बैगन लदी पिकअप ने मारी टक्कर
बताया जाता है कि पुरानी शहर वार्ड संख्या पांच कदमतल से पिकअप (बीआर02 जीबी 8976) पर बैगन लादकर उसी इलाके का चालक प्रिंस कुमार (22) कहीं पहुंचाने जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि नहर पुल के पास पेड़ के नीचे पत्थर पर सत्येंद्र यादव बैठे थे जबकि दो लोग खड़े होकर बातें कर रहे थे। इसी दौरान एक बालू लदे ट्रक ने पिकअप में पीछे से टक्कर मार दी। इससे पिकअप बेकाबू हो सत्येंद्र यादव को कुचलते हुए पेड़ से टकरा गई। वहां बैठे सत्येंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सिपाही विजय कुमार सिंह भी जख्मी हो गए। इधर पेड़ से जोरदार टक्कर के कारण पिकअप का चालक भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। चालक पिकअप में ही फंसा रह गया। आसपास के लोगों की मदद से सभी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। विजय कुमार सिंह इलाज के बाद वापस अपने बैरक में आ गए है।
पिकअप चालक की स्थिति गंभीर
पिकअप चालक प्रिंस कुमार को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से नाजुक स्थिति देखकर उसका इलाज भखरुआं स्थित अरविंद अस्पताल में किया जा रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटनास्थल पर पहुंचे इंस्पेक्टर विजयेंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार गौतम शव को थाने पर ले आए। मृतक के स्वजन थाना अपर पहुंच चुके हैं। अंत्य परीक्षण की प्रक्रिया की जा रही है। इधर सत्येंद्र यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।