Bihar Weather Report: ठंडी हवाओं के बीच दौड़ लगा रहे बादल, गया में आज और कल बारिश होने के आसार
आज के मौसम पूर्वानुमान में देखें तो अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक जा सकता है। बदले हुए इस मौसम से आम जनों को गर्मी से निजात मिली है। वहीं बारिश होने से धान की खेती को फायदा होगा।
जागरण संवाददाता, गया। जिले में आज का मौसम सुहाना है। सुबह से ठंडी हवा मौसम को तरोताजा किए हुए है। आसमान में घने बादल हैं। जो उमड़-घुमड़ करते हुए दौड़ लगा रहे हैं। आज बारिश के आसार बने हुए हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डॉ. जाकिर हुसैन की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र और उससे बन रही चक्रवात की स्थिति से इस मौसम में बदलाव आया है। जिले में अगले 3 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार जताए गए हैं। गुरुवार को 14 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। वहीं शुक्रवार को 54 मिली मीटर तक अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
धान की फसल के लिए बारिश फायदेमंद
आज के मौसम पूर्वानुमान में देखें तो अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री तक जा सकता है। बदले हुए इस मौसम से आम जनों को गर्मी से निजात मिली है। वहीं, बारिश होने से धान की खेती को फायदा होगा। हालांकि, स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से मौसम में हुआ अचानक बदलाव सही माना नहीं जाता है। कई तरह की बीमारियों के हाेने की आशंका बनी रहती है।
बदलते मौसम में स्वास्थ्य का रखें विशेष ख्याल
अभी वायरल फीवर तेजी से बढ़ रहा है। इसके पीछे का बड़ा कारण भी मौसम में परिवर्तन माना जा रहा है। सर्दी, खांसी, बुखार से कई लोग ग्रसित हैं। ऐसे में लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता है। डॉक्टरों की मानें तो उमस भरी गर्मी के बाद एकाएक मौसम में तब्दीली से कई तरह के रोग हो सकते हैं। उनसे बचने के लिए लोगों को अपने खान-पान का विशेष ख्याल रखना चाहिए। इस समय डेंगू और टायफाइड का भी प्रकोप भी चरम पर रहता है। बाजार में बिकने वाली खुले में रखी चीजें खाने से डायरिया का खतरा भी बना रहता है। हल्का बुखार या स्वास्थ्य में किसी तरह का बदलाव नजर आने पर घबराएं नहीं, मगर डॉक्टर से परामर्श लेना न भूलें।