CM नीतीश ने पटना में किया मिशन छह माह, छह करोड़ वैक्सीनेशन का आरंभ, रोहतास में जिला से प्रखंड तक जुड़े स्वास्थ्यकर्मी
सीएम नीतीश कुमार ने पटना में छह माह छह करोड़ महा टीकाकरण अभियान का आरंभ किया। इसके उद्धाटन समारोह को पूरे राज्य की तरह राेहतास में भी प्रखंड स्तर तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के लाइव देखा गया। जिले के डॉक्टरों सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी इससे जुड़े।
रोहतास (सासाराम), जागरण संवाददाता। कोरोना वायरस संक्रमण से जंग, वैक्सीन के संग मुहिम को ऐतिहासिक बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 'मिशन छह माह, छह करोड़ टीका' का आरंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शाम साढ़े चार बजे ऑनलाइन किया। इसके पहले राज्य स्वास्थ्य समिति के अपर कार्यपालक निदेशक अनिमेष कुमार पराशर ने सिविल सर्जन को पत्र भेज कर उदघाटन सत्र को जिला से लेकर प्रखंड स्तर आयोजित कराने का निर्देश दिया था। इसके तहत मुख्यमंत्री के उद्घाटन समारोह को रोहतास में भी ऑनलाइन देखा गया।
अपर कार्यपालक निदेशक के मुताबिक कोरोना महामारी को दूर करने का एक मात्र उपाय शत फीसद टीकाकरण है। इसे पूरा करने के लिए सोमवार को मिशन छह माह, छह करोड़ टीका की शुरूआत मुख्यमंत्री द्वारा किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिला से प्रखंड स्तर तक किया गया। इस दौरान चिकित्सा पदाधिकारी व स्वास्थ्यकर्मी लैपटॉप समेत अन्य संसाधनों के साथ मौजूद रहे। उधर, पटना में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के साथ ही मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ ही दूसरे कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
छह महीने में 1.36 करोड़ को टीका
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार 16 जनवरी से बिहार में टीकाकरण शुरू हुआ। छह महीने में 1.36 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया गया है। 1.16 करोड़ लोगों को पहली डोज और 20.48 लाख को दोनों डोज दी जा चुकी हैं। अभी और 6.14 करोड़ लोगों का टीकाकरण होना है।
मुख्यमंत्री का था महीने में एक करोड़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग की एक समीक्षा बैठक में छह महीने में छह करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य स्वास्थ्य विभाग को दिया था। केंद्र सरकार द्वारा 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए मुफ्त टीका देने के फैसले के बाद सरकार ने महीने में एक करोड़ लोगों को टीका देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विदित हो कि बिहार में एक महीने में एक करोड़ लोगों के टीकाकरण की कार्ययोजना बना ली गई है। उसका प्रेजेंटेशन सोमवार की शाम चार बजे मुख्यमंत्री के समक्ष हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने विधिवत टीकाकरण के महाभियान की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभाग पूरी तत्परता से तैयारी कर रहा है और एक जुलाई से 31 दिसंबर के बीच राज्य में बचे हुए सभी छह करोड़ लोगों का टीकाकरण कर दिया जाएगा।