Bihar Politics: जदयू महासचिव अभय कुशवाहा को नई जिम्मेदारी, बने केंद्रीय मंत्री आरसीपी के एपीएस
जदयू के प्रदेश महासचिव अभय कुशवाहा बनें केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के अपर निजी सचिव। समर्थकों ने कहा इस्पात मंत्रालय से गया को भी होगा लाभ। गया जिला जदयू के अनेक नेताओं ने जताई खुशी अभय कुशवाहा को सुबह से मिल रही बधाई।
गया, जागरण संवाददाता। Bihar Politics: जनता दल युनाइटेड (JDU) में राष्ट्रीय नेतृत्व ने काफी परिवर्तन किया है। कई पदधारकों की छुट्टी कर दी गई है। कहा यह भी जा रहा है कि आरसीपी सिंह (Union Steel Minister RCP Singh) के करीबियों का पत्ता साफ किया जा रहा है। इस बीच खबर आई है कि जदयू के प्रदेश महासचिव सह टिकारी के पूर्व विधायक अभय कुशवाहा (JDU General Secretary Abhay Kushwaha) केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह के अपर निजी सचिव (Additional Personal Secretary) बनाए गए हैं। इस खबर से जदयू के नेताओं मेें जबर्दस्त खुशी है। जदयू संगठन से जुड़े तमाम नेताओं ने अभय कुशवाहा को बधाई दी है। साथ ही केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह के प्रति आभार जताया है।
संंगठन को मजबूत बनाने में जुटे रहे अभय कुशवाहा
गया में जदयू नेता अमित दांगी ने कहा कि अभय कुशवाहा शुरु से ही संगठन को मजबूत बनाने में लगे रहे हैं। आरसीपी सिंह के साथ मिलकर जदयू को पूरे प्रदेश में मजबूत करने में इन्होंने आगे बढ़कर काम किया है। इनकी नेतृत्व क्षमता बहुत ही बेहतर है। गया जिले को इस्पात मंत्रालय से विकास की नई योजनाएं मिल सकेंगी। इधर, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पूनम कुशवाहा ने बधाई देते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री के एपीएस बनने से अभय कुशवाहा बिहार और खासकर गया के हित में और विकास का काम कर सकेंगे।
इस्पात उद्योग की गया को मिलेगी सौगात
ट्रेडर्स प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह उर्फ विक्की ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मंत्री आरसीपी सिंह इस्पात मंत्रालय को ऊंचाई तक ले जाएंगे। अभय कुशवाहा को जिम्मेदारी दिए जाने से गया को भी काफी लाभ होगा। यहां भी इस्पात से जुड़े रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। महादलित प्रकोष्ठ के जितेंद्र दास ने कहा कि गया जिले के लिए यह बहुत ही बेहतरीन अवसर है। केंद्रीय मंत्री पूरे देश के लिए कर्मठ मंत्री साबित होंगे। उनके नेतृत्व में इस्पात मंत्रालय विकास के पथ पर हमेशा आगे बढ़ेगा। अभय कुशवाहा को बधाई देने वालों में किसान प्रकोष्ठ के चंद्रभूषण, युवा जिलाध्यक्ष गौरव सिन्हा, छात्र जिलाध्यक्ष उत्तम कुशवाहा, दलित प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष कैलाश पासवान, सेवा दल के राजकुमार साह ने अभय कुशवाहा को बधाई दी है।