Bihar News: कैमूर में पिकअप की टक्कर से ऑटो में सवार महिला की मौत, दो पुत्र बाल-बाल बचे
सुमिला सिंह अपने दो पुत्र मुणाल व कुणाल को साथ लेकर पटना रहती हैं। दोनों बच्चे पटना में रहकर पढ़ाई करते हैं। दशहरा की छुट्टी होने पर मंगलवार की रात पटना से एसी बस से भभुआ आए। इसके बाद आटो रिर्जव कर अपने गांव पसाई जा रहे थे।
जागरण संवाददाता, भभुआ। कैमूर जिले के सोनहन थाना क्षेत्र अंतर्गत सपनवतियां गांव के पास बुधवार की सुबह पिकअप की टक्कर से आटो में सवार मां की मौत हो गई। जबकि उसके दो पुत्र व ऑटो चालक बाल-बाल बच गए। मृतका बेलांव थाना क्षेत्र के पसाई गांव निवासी महेंद्र सिंह की पत्नी 35 वर्ष सुमिला सिंह बताई जाती हैं। घटना के बाद चालक पिकअप को लेकर भागने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, सुमिला सिंह अपने दो पुत्र मुणाल व कुणाल को साथ लेकर पटना रहती हैं। दोनों बच्चे पटना में रहकर पढ़ाई करते हैं। दशहरा की छुट्टी होने पर मंगलवार की रात पटना से एसी बस से भभुआ आए। इसके बाद आटो रिर्जव कर अपने गांव पसाई जा रहे थे। इसी क्रम में सपनवतियां गांव के सामने आटो में पिकअप ने टक्कर मार दी। पुत्रों ने बताया कि उनकी मां आटो में चालक की तरफ बैठी थी। सामने से मुर्गी फार्म वाली पिकअप आ रही थी। जिस तरफ मां बैठी थी उसी तरफ जोरदार टक्कर हो गई। इससे मां गंभीर रूप से घायल हो गई। दोनों पुत्र व चालक भी गिर गये।
जब उठे तो मां को घायल देखा। तब तक पिकअप लेकर चालक भाग गया था। तब आटो से ही मां को पास के एक निजी अस्पताल में ले गये। जहां चिकित्सक ने सदर अस्पताल ले जाने को कहा। लेकिन आटो वाले ने ले जाने से इंकार कर दिया। तब इ रिक्शा से मां को अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद सूचना मिलने पर स्वजन व काफी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे। मौके पर पुलिस भी पहुंची। कागजी प्रक्रिया पुरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मशरूम वाली दीदी के नाम से चर्चित थी सुमिला
बुधवार की सुबह जिस सुमिला सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हुई वह जिले में मशरूम वाली दीदी के नाम से चर्चित थी। अपने गांव पर ही मशरूम का उत्पादन कर रोजगार के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ चुकी थी। फिलहाल वह हल्दी की खेती भी कर रही थी। मशरूम उत्पादन के क्षेत्र में पूर्व में उन्हें राज्य स्तर पर पुरस्कार भी प्राप्त हुआ था। ग्रामीणों ने बताया कि पढ़ाई के दौरान सुमिला सिंह ने बीपीएससी की परीक्षा में भी बेहतर प्रयास किया था। जिसमें पीटी में एक दो बार उनका चयन भी हुआ था।
सुमिला सिंह के पति हैं शिक्षक
ग्रामीणों ने बताया कि सुमिला सिंह के पति महेंद्र सिंह रामपुर प्रखंड के माधवपुर गांव में स्थित विद्यालय में शिक्षक है। अपने पुत्रों को बेहतर शिक्षा दीक्षा दिलाने के लिए पति गांव पर अकेले रहते हैं। जबकि पत्नी सुमिला सिंह अपने दोनों पुत्रों को लेकर पटना में रहती थी। दोनों पुत्र 11 व 12 वीं में पढ़ते हैं। महेंद्र सिंह सव्यं खाना बनाकर व सारी गृहस्ती देखते हुए विद्यालय का कार्यभार भी देखते हैं।