बिहार: कैमूर के भगवानपुर में तेजी से बढ़ रहा है अतिक्रमण, गंभीर होती जा रही सड़क जाम की समस्या
कैमूर स्थित भगवानपुर में अधौरा मुख्य सड़क अतिक्रमण का शिकार है। इससे सड़क किनारे बाइक खड़ा करना भी मुश्किल है। जाम की समस्या आम हो गई है। नो एंट्री के वक्त बड़े वाहनों की आवाजाही भी परेशानी बढ़ा रही है।
कैमूर, जेएनएन। कैमूर के भगवानपुर अधौरा मुख्य सड़क के दोनों तरफ की भूमि पर अतिक्रमण तेजी से बढ़ते जा रहा है। बढ़ते अतिक्रमण से प्रशासन के पदाधिकारी व जनप्रतिनिधियों को कोई मतलब नहीं। इससे अतिक्रमण चरम सीमा पर पहुंच गया है। सड़क के दोनों तरफ बाइक खड़ा करना भी मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि सड़क के आसपास लगी दुकान के अलावा सड़क पर अपना कुर्सी बेंच आदि लगा कर दुकानदार भूमि का अतिक्रमण कर रहे हैं, जिससे हमेशा जाम लगा रहता है।
लोगों ने कहा कि जिस तरीके से भभुआ में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है, उसी तरह से अतिक्रमण हटाओ अभियान भगवानपुर में भी चलाना चाहिए। ताकि, सड़क अतिक्रमणमुक्त हो और जाम की समस्या से निजात मिल सके। आने जाने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अतिक्रमण के चलते सड़कें काफी संकीर्ण हो गई है। इससे बड़े वाहनों को निकालना काफी मुश्किल भरा काम है। पहले बड़े-बड़े महानगरों व नगरों में जाम की समस्या सुनने में आती थी। लेकिन अब अतिक्रमण के कारण छोटे-छोटे शहरों और बाजारों में भी जाम की समस्या प्रतिदिन सुनने में आ रही है।
अतिक्रमण तो गंभीर समस्या है ही, दूसरी सबसे गंभीर समस्या है कि नो एंट्री के समय में ही बड़े वाहन प्रवेश कर जा रहे हैं। इससे जाम की समस्या और गंभीर हो जा रही है। लोगों ने कहा कि कैमूर जिला में जिस तरह भभुआ और मोहनिया नगर में सड़क से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है उसी तरह जिले के अन्य प्रखंड मुख्यालयों में भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलना चाहिए।
लेकिन प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं करने से अब मुख्य बाजार के साथ-साथ ग्रामीण सड़कों पर भी अतिक्रमण हो रहा है। किसी की शिकायत पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जाती है। इसके बाद तो अतिक्रमण हटाया जाता है। लोगों ने कहा कि शिकायत मिलने पर प्रशासन अतिक्रमण को हटा रहा है। जबकि, प्रशासनिक पदाधिकारियों की आंखों के सामने अतिक्रमण बढ़ रहा है।