Bhojpur Crime: डीजे पर गाना बजाने पर नाटक कर रहे युवकों ने किया हंगामा, एक युवक को मारी गोली
भोजपुर के गड़हनी थाना क्षेत्र में सरस्वती पूजा पर डीजे बजाने का दूसरे आयोजन समिति के युवकों ने विरोध किया। वे नाटक का रिहर्सल कर रहे थे। इसी क्रम में फायरिंग की गई। गोली लगने से एक युवक जख्मी हो गया।
जासं, आरा। भोजपुर जिले में सरस्वती पूजा के दौरान मंगलवार की रात डीजे पर गाना बजाने को लेकर बवाल हो गया। डीजे पर गाना बजाने के विवाद को लेकर दो गुटों के बीच भिड़ंत हो गई । इस दौरान हथियारबंद तत्वों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर एक युवक को गोली मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इसके अलावा उसके बड़े भाई की भी पिटाई कर दी गई। गोली से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा में भर्ती कराया गया है। घटना गड़हनी थाना क्षेत्र अंतर्गत रमडिहरा- बड़ौरा टोला गांव की है। घायल 18 वर्षीय युवक विक्की कुमार पासवान रमडिहरा- बड़ौरा टोला गांव निवासी केशव पासवान का पुत्र है। गोली उसके दायें पैर के जांघ के पास लगी है। मौके पर पहुंची पुलिस को तीन खोखा भी मिला है। घायलों ने करीब सात राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। वारदात के पुलिस ने छापेमारी कर एक को उठाया है।
एक गांव में दो पक्षों ने रखी है प्रतिमा
बताया जाता है कि गड़हनी थाना क्षेत्र के रमडिहरा- बड़ौरा गांव में अलग-अलग टोला के दो पक्षों के युवक मंगलवार को मां सरस्वती की मूर्ति स्थापित कर बसंत पंचमी की पूजा कर रहे थे। इस दौरान रात में डीजे पर गाना बजाने को लेकर अनुसूचित जाति टोला के युवकों से दूसरे पक्ष के युवकों का विवाद हो गया। इसके बाद पहले नोकझोंक हुई। बाद में बंदूकें तन गई। इस दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान विक्की पासवान गोली लगने से घायल हो गया। फायरिंग के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गया। बाद में घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल,आरा लाया गया।
वारदात के बाद पुलिस ने की छापेमारी
इधर, सूचना मिलने पर गड़हनी थाना की पुलिस भी वहां पहुंच गई। इसके बाद एक को संदिग्ध को उठाया गया। हमले में पिटाई से घायल जख्मी के भाई राज बहादुर पासवान ने बताया कि उनके टोला के युवक पंडाल के पास गाना बजा रहे थे। दूसरे पक्ष के लोग पूजा को लेकर नाटक का मंचन कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के दबंग लोग गाना बजाने को लेकर विरोध करने लगे और बाद में फायरिंग कर गोली मार दी।