मुंबई से ट्रेनों से आने वाले के अलावा हवाई जहाज से उतरी यात्री में भी कोरोना, गया में जांच का दायरा बढ़ा
मुंबई से आने वाले यात्रियों में कोरोना संक्रमण पाया जा रहा है। चाहे वे ट्रेन से आएं या हवाई जहाज से। हवाईजहाज से उतरी एक महिला को पॉजिटिव पाया गया। अब जिले में आंकड़ा 30 पर पहुंच गया है।
गया, जागरण संवाददाता। गया जिले में इन दिनों हर रोज कोरोना के मरीज सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को जिले भर में 2840 लोगों की सैंपल लेकर कोविड 19 की जांच की गई। इनमें से नौ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिन नौ की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उनमें तीन महिलाएं हैं। गया जंक्शन पर हर रोज महाराष्ट्र से आने वाले यात्रियों की जांच जारी है। इस तरह से जिले में अभी कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।
ट्रेन के अलावा हवाई जहाज से आनेवाले भी संक्रमित
अभी तक मुंबई से ट्रेनों से आने वाले यात्रियों में कोरोना के संक्रमण मिल रहे थे। लेकिन अब हवाईजहाज से आने वाली एक महिला के भी संक्रमित पाए जाने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। मानपुर की एक महिला जो मुंबई से फ्लाइट से आई थी वह पॉजिटिव पाई गई। वहीं बाराचट्टी की भी दो महिला पॉजिटिव मिली। इनके अलावा बाराचट्टी से एक युवक, शेरघाटी से 1, मोहनपुर व फतेहपुर से 1-1, गया टाउन से 1 युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मोहनपुर व फतेहपुर के युवक मुंबई-हावड़ा ट्रेन से गया जंक्शन उतरे थे।
बीते चार दिनों में 24 की रिपोर्ट पॉजिटिव
बीते चार दिनों में जिले भर से 24 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिल चुकी है। इनमें शुक्रवार को सबसे अधिक 9 लोग मिले। गया जिले में एक बार फिर से हर रोज मिल रहे कोरोना संक्रमण ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आरटीपीसीआर से कोविड-19 की जांच का दायरा बढ़ाया गया है। गया जिले में अब हर रोज 1500 आरटीपीसीआर जांच करना है। इस लक्ष्य को मिलने के पहले दिन शनिवार को हासिल भी कर लिया गया। कोरोना मरीजों के मिलने के साथ प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग लोगों से एहतियात बरतने की अपील कर रहा है।
हाल में कब कितने मिले कोरोना संक्रमित
23 मार्च- 4
24 मार्च- 5
25 मार्च- 6
26 मार्च- 9