गया में आंगनबाड़ी सेविका ने फंदे से लटक कर दी जान, पति का ये बहान भी नहीं आया काम
गया में आंगनबाड़ी सेविका ने अपनी जान दे दी है। मृतक सोनी देवी के भाई ने मृतक के पति पर फांसी देकर जान मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक आंगनबाड़ी के सेविका के पति को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सूत्र,आमस(गया)। आमस थाना क्षेत्र के कत्थक बीघा गांव में रविवार की रात आंगनबाड़ी सेविका 25 वर्षीय सोनी देवी ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सोमवार की सुबह उसका शव घर में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कालेज गया भेजा है। मृतक के पति यमुना कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उसका दिमागी संतुलन खराब चल रहा था। जिसका इलाज चल रहा था।
सोमवार की सुबह उठे तो देखा कि वह सीढ़ी के पास फांसी पर लटकी हुई है, इसके बाद उसके पास पहुंचे तो देखा कि वह दम तोड़ चुकी थी। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक सोनी देवी के भाई ने मृतक के पति पर फांसी देकर जान मारने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक आंगनबाड़ी के सेविका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। इधर, सोमवार को आंगनबाड़ी सेविका के मौत की जानकारी सीडीपीओ कार्यालय पहुंची तो आंगनबाड़ी सेविकाएं दुखी थीं।
सड़क हादसे में महिला की मौत
संवाद सूत्र, खिजरसराय। सरबहदा ओपी क्षेत्र के जगडीह मोड़ के पास सोमवार को सड़क दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई। कुरवा- सरबहदा मुख्य मार्ग पर जगडीह मोड़ के पास बालू लदे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। जिससे मोटरसाइकिल सवार नीरू देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि मोटरसाइकिल पर सवार मृतक की बेटी कुसुमलता कुमारी एवं मोटरसाइकिल चला रहे दीपांकर कुमार भी घायल हो गए। मृतक मानपुर प्रखंड के ननौक गांव निवासी थे। वहीं ग्रामीणों के सहयोग से ट्रैक्टर एवं चालक को पकड़कर सरबहदा ओपी को सुपुर्द कर दिया गया।
घायलों को स्वास्थ्य केंद्र महकार में इलाज कराया जा रहा है। ये सभी लोग ननौक से खिजरसराय कैथ बिगहा होते हुए केवाली जा रहे थे। बीच रास्ते में ही दुर्घटना के शिकार हो गए। बताया जाता है कि मोटरसाइकिल पर सवार होकर बेटी के रिश्ता के केवाली गांव लड़का के स्वजनों से मिलने जा रहे थे। घटना के बाद परिवार के लोगों को रोते - रोते बुरा हाल है। सरबहदा ओपी अध्यक्ष शिवमंदिर सिंह यादव ने बताया कि शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।