Bihar: सनकी ने पत्नी व बेटी को जिंदा जलाया, दूसरी शादी का विरोध करने पर दिया घटना को अंजाम
औरंगाबाद के रफीगंज में एक सनकी ने दूसरी शादी करने से रोकने पर पत्नी व सात वर्षीय बेटी को जिंदा जलाकर मार डाला। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
रफीगंज (औरंगाबाद), संवाद सूत्र। प्रखंड के कासमा थाना अंतर्गत अपकी गांव में एक सनकी ने पत्नी और सात वर्षीय बेटी को जलाकर मार डाला। पत्नी ने दूसरी शादी रचाने का विरोध किया तो गुस्से में उपु रजक ने इस जघन्य घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना से गांंव के लोग सन्न हैं।
एक सप्ताह पहले मायके से आई थी ससुराल
मृतका नीलम कुमारी के स्वजनों ने बताया कि आज तड़के बेटी के पड़ोसियों से सूचना मिली कि बेटी और नतनी की मौत हो गई है। सूचना पाकर तत्काल हमलोग बेटी के ससुराल पहुंचे तो यहां नीलम और उसकी सात वर्षीय बेटी का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपित उपु रजक को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। इस बाबत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अक्सर करता रहता था पत्नी को प्रताड़ित
नीलम के स्वजनों ने बताया कि उपु रजक दूसरी शादी करना चाहता था। इसका विरोध नीलम करती थी। इसपर वह उसे काफी प्रताड़ित करता था। इस वजह से नीलम मायके चली जाती थी। इस बार भी वह मायके में थी। एक सप्ताह पूर्व समझौते के बाद वह ससुराल आई थी। लेकिन इस बार उसकी हत्या कर दी गई। कासमा थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के स्वजनों ने प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्राथमिकी के बाद हत्यारे पति को गिरफ्तार कर थाना लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। इधर मां-बेटी की हत्या से गांव के लोग भी सकते में हैं। उनका कहना है कि विश्वास ही नहीं हो रहा है कि उनके गांव इस तरह की वारदात हो गई।
यह भी पढ़ें- प्रेम संबंधों का विरोध करने पर गया में महिला ने पार कर दी हद, किया कुछ ऐसा कि सन्न रह गए लोग