crime News: सासाराम में तिलक समारोह में गई किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, चार पर प्राथमिकी दर्ज
रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक किशोरी से गांव के ही चार मनचले ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इसको लेकर बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कराई गई। सभ्ाी आरोपित फरार हैं। पुलिस ने दो को हिरासत में लिया है।
जेएनएन, रोहतास। बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी (Teenager) के साथ मंगलवार रात दुष्कर्म का प्रयास किया गया। इस मामले में बुधवार को अनुसूचित जाति-जनजाति थाने (SC-ST Thana) में चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। हालांकि सभी आरोपित फरार हैं। इधर पीड़िता को मेडिकल जांच (Medical Examination) के लिए गुरुवार को सदर अस्पताल भेजा गया है।
गांव में ही तिलक समारोह में गई थी गीत गाने
इस मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार किशोरी गांव में ही आयोजित एक तिलक समारोह में परिवार की महिलाओं के साथ गीत गाने गई थी। रात करीब दस बजे वहीं से वह शौच के लिए खेत की ओर निकली। इसी दौरान गांव के सुनील कुमार सिंह, रामबाबू सिंह, पिंटू कुमार, सिंह, मुकेश कुमार सिंह ने उसे पकड़ लिया। वे उसके साथ बदसलूकी करने लगे। उनसे बचने का प्रयास करते हुए वह शोर मचाने लगी। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर लोग उधर दौड़े। लोगों को आता देखकर सभी मनचले वहां से भाग निकले। इस दौरान किशोरी के कान की बाली भी नोच ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने रातभर छापेमारी की। लेकिन सभी आरोपित घर छोड़कर फरार थे। इस संबंध में बुधवार शाम यहां एससी एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस ने गांव के दो लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए की जा रही छापेमारी
एसपी सत्यवीर सिंह ने बताया कि किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। एसपी ने कहा कि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। किशोरी को मेडिकल जांच के लिए आज सदर अस्पताल सासाराम भेजा गया है।