कोरोना काल के बाद रोहतास में शुरू हुई विकास मित्र बहाली की प्रक्रिया, प्रखंड व निकाय से रिक्तियां तलब
बिहार महादलित विकास मिशन पटना द्वारा 2 फरवरी 2021 को जारी के पत्रांक 138 के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखंडों सहित नगर निकाय क्षेत्र में विकास मित्रों की बहाली प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। रिक्त पड़े पदों की सूची रिक्ति के तौर पर तलब की है।
जागरण संवाददाता, सासाराम। बिहार महादलित विकास मिशन पटना द्वारा 2 फरवरी 2021 को जारी के पत्रांक 138 के आलोक में जिले के विभिन्न प्रखंडों सहित नगर निकाय क्षेत्र में विकास मित्रों की बहाली प्रक्रिया शुरु हो चुकी है। जिले में विकास मित्रों की बहाली के लिए महादलित विकास मिशन पटना द्वारा जारी आदेश के बाद रोहतास जिला कल्याण पदाधिकारी द्वारा जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारियों को 5 फरवरी 2021 को जारी पत्र संख्या 167 के द्वारा विकास मित्रों की बहाली हेतु रिक्त पड़े पदों की सूची रिक्ति के तौर पर तलब की है।
17 पदों पर होगी बहाली
पूर्व में बहाल विकास मित्रों के त्यागपत्र देने मृत्यु हो जाने सहित पूर्व से रिक्त रहने के कारण जिले के कुल 17 पदों पर विकास मित्रों की बहाली होगी जिला कल्याण पदाधिकारी के द्वारा रिक्ति तलब किये जाने के बाद स्पष्ट हुए आंकड़ों से यह जानकारी उपलब्ध हुयी है। इसकी जानकारी देते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी आर के सिन्हा ने बताया कि सासाराम नगर परिषद में दो, नगर पंचायत नासरीगंज में चार, नासरीगंज ग्रामीण प्रखंड क्षेत्र में दो, नगर परिषद बिक्रमगंज में दो, नगर पंचायत कोआथ में एक, शिवसागर में एक, दिनारा में एक, दावथ में एक, तिलौथू में दो और काराकाट में एक मिलाकर कुल सत्रह विकास मित्रों की बहाली होगी।
मार्च में प्रकाशित होगी मेधा सूची
रिक्त पदों पर विकास मित्रों की बहाली के लिए जमा आवेदनों के आलोक में तैयार मेधा सूची का प्रकाशन 12 मार्च तक विभाग द्वारा किया जाएगा प्रकाशित मेधा सूची के आलोक में चयन सूची का अनुमोदन 23 मार्च तक किए जाने की संभावना है। चयन सूची का अंतिम प्रकाशन के पश्चात जमा आपत्ति आवेदन के आलोक में आपत्ति का निराकरण करते हुए नियोजन सूची का प्रकाशन भी मार्च महीने में ही होने की संभावना है। हर हाल में अप्रैल महीने तक नियोजन की प्रक्रिया पूरा करते हुए नियोजन पत्र दिए जाने की संभावना स्थानीय सूत्रों ने जतायी है।