गया में युवक की हत्या कर पेड़ से लटका दिया शव, गांव के आठ लोगों पर पिता ने कराई प्राथमिकी
गया में शुक्रवार को किसान की हत्या से एक दिन पहले वजीरगंज में एक युवक की हत्या कर दी गई। उसका शव पेड़ से लटका मिला। इस मामले में आठ के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वजीरगंज (गया), संवाद सूत्र। जिले में अपराध की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। शुक्रवार सुबह एक किसान की हत्या कर दी गई। इससे पहले कारी पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर गांव के 32 वर्षीय युवक विपिन कुमार का शव गुरुवार की अलसुबह मखदुमपुर गांव के निकट आम के पेड़ से लटका पाया गया। इस बाबत स्वजनों ने भूमि विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। गांव के आठ लोगों पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गांव के युवक से हुआ था विवाद
बताया जाता है कि विपिन कुुुुमार का शव आम के पेड़ से लटका हुआ था। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो वे सन्न रह गए। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। प्रभारी थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने स्थल पर पहुंचकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। इस बाबत मृतक के पिता इंद्रदेव प्रसाद ने गांव के आठ लोगों को नामजद करते हुए हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के अनुसार भूमि विवाद को लेकर गांव में संजय यादव के साथ झगड़ा हुआ था। उसने धमकी दी थी।
बुधवार रात से लापता था विपिन
इधर बुधवार रात से विपिन घर नहीं लौटा। परिवार के लोग उसकी खोजबीन करते रहे लेकिन रातभर उसका पता नहीं चल सका। आज उसका शव मिलने की खबर मिली। मखदुमपुर में गमछे से बंंधा हुआ शव मिला। थानाध्यक्ष ने बताया नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इधर विपिन की हत्या से स्वजनोंं के बीच मातम पसरा हुआ है। घटना के दूसरे दिन भी चित्कार से माहौल गमगीन है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया है। कुछ लोग इसे आत्महत्या बता रहे हैं। लेकिन वहां की स्थिति देखकर लोगों को ऐसा नहीं लग रहा। उनका कहना है कि पुलिस जांच में सबकुछ स्पष्ट हो जाएगा।