औरंगाबाद में हादस, सड़क दुर्घटना में बहनोई की मौत और साला घायल; बाइक के उड़ गए परखच्चे
औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर ओबरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के पास सोमवार की देर रात करीब 11.45 बजे तेजी से आ रही वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। बाइक सवार अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के खुटमार गांव निवासी गुड्डू राजवंशी की मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद/ओबरा। औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ पर ओबरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव के पास सोमवार की देर रात करीब 11.45 बजे तेजी से आ रही वाहन ने बाइक में टक्कर मार दिया। बाइक सवार अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के खुटमार गांव निवासी गुड्डू राजवंशी की मौत हो गई। गुड्डू का साला दाउदनगर थाना क्षेत्र के उचकुंदी गांव निवासी सत्यदेव राजवंशी के पुत्र विनेश राजवंशी घायल हो गए। घायल का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा में किया गया। उसकी स्थिति गंभीर बताई जाती है। यहां के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए निजी क्लीनिक में भर्ती किया गया है।
दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए हैं। बताया जाता है कि गुड्डू राजवंशी का ओबरा थाना के सरसौली गांव में कमलेश राजवंशी के घर ननिहाल था। वह अपने साला के साथ यहां आया था। सोमवार की रात अचानक दाउदनगर थाना के उचकुंदी गांव अपने ससुराल जा रहा था कि रास्ते में यह दुर्घटना हुई। प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि रात में दुर्घटना हुई है। किस वाहन ने बाइक में टक्कर मारी? यह पता नहीं चल सका है। घटना रात की है, इस कारण वाहन की पहचान में परेशानी हो रही है। पुलिस ने मंगलवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया है। गुड्डू की मौत के बाद अस्पताल पहुंचे स्वजन सिर्फ रो रहे थे। कह रहे थे कि अभी उसकी उम्र मात्र 23 वर्ष है।
वाहन की चपेट में आकर युवती हुई घायल
मदनपुर। मदनपुर बाजार के समीप जीटी रोड पर एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आकर निशा कुमारी नामक युवती घायल हो गई। वह बरडीह गांव के अखिलेश यादव की पुत्री बताई जाती है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर लाया गया। जहां ड्यूटी पर रहे चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया है। बताया जाता है कि छात्रा घर से मदनपुर ट््यूशन पढऩे के लिए साइकिल से आ रही थी। इसी बीच एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई।