गया में ससुराल से लौट रहे युवक की बाइक लूटी, पुलिस ने घेराबंदी कर दो लुटेरों को दबोचा, एक फरार
गया जिले के महकार थाना क्षेत्र से बाइक लूटकर भाग रहे दो अपराधियों को खिजरसराय थाने की पुलिस ने रविवार रात बेला मोड़ पर दबोच लिया। उनके पास से लूटी गई समेत दो बाइक बरामद की गई। एक अपराधी भागने में सफल रहा।
खिजरसराय (गया), संवाद सूत्र। खिजरसराय थाना इलाके के बेला मोड़ पर पुलिस ने रविवार की रात घेराबंदी कर बाइक लूट कर भाग रहे दो अपराधियों को दबोच लिया। उनके पास से लूटी गई बाइक समेत दो बाइक बरामद की गई। एक अपराधी भागने में सफल रहा। पकड़े गए लुटेरों में से एक का आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान गुरुआ थाना इलाके के निवासी रौशन यादव और हुलासगंज थाना इलाके के संतन कुमार के रूप में की गई है।
ससुराल से लौट रहे युवक की छीनी थी बाइक
मालूम हो कि हुलासगंज थाना इलाके के मुस्तरी गांव का निवासी नीरज यादव होली में नई बाजार अपनी ससुराल आया था। रविवार की शाम अपने घर लौट रहा था। रास्ते में हुलासगंज थाना के सुहानीबीघा के समीप सफेद रंग की अपाची बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उसे घेर लिया। हथियार का भय दिखाकर उसकी ग्लैमर बाइक लूट ली। पीड़ित ने इस घटना की जानकारी अपने ससुराल में दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही महकार पुलिस चौकस हो गई। पुलिस ने आसपास के सभी थानों को बाइक लूट घटना की जानकारी दे दी।
खिजरसराय थाने की पुलिस ने दबोचा
खिजरसराय थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने घटना की जानकारी मिलने पर घेराबंदी कर दी। थोड़ी ही देर बेला मोड़ पर दो बाइक से पहुंचे दो अपराधियों को दबोच लिया। हालांकि एक लुटेेरा भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों में से एक संतन कुमार हत्या सहित कई अन्य वारदात का आरोपी है। महकार थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया की घटना की जानकारी मिलने पर अपराधियों का पीछा करते हुए खिजरसराय थाने को जानकारी दी गई थी। पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के लिए चारो ओर से घेराबंदी कर ली थी। मालूम हो कि चिरैली बाजार में स्टेट बैंक के सीएसपी और सरबहदा इलाके में सड़क लूट में सफेद रंग की अपाचे बाइक का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर अन्य मामलों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
(लुटेरों की अपाची बाइक (ऊपर) और लूटी गई ग्लैमर बाइक।)