कानून तोड़ने का नतीजा, लॉकडाउन में बिना अनुमति खोले जाने पर कैमूर की 45 दुकानें की गईं सील
लॉकडाउन में बिना अनुमति वाली खुली 45 दुकानों को प्रशासन ने सील कर दिया। सुबह के समय प्रशासन ने लॉकडाउन का जायजा लेने के दौरान यह कार्रवाई की। प्रशासन की कार्रवाई देख दुकानदारों में हड़कंप धड़ाधड़ शटर गिरा कर भागे घर
By Vyas ChandraEdited By: Published: Fri, 07 May 2021 02:39 PM (IST)Updated: Fri, 07 May 2021 02:39 PM (IST)
भभुआ (कैमूर), जागरण संवाददाता। कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर लगाए गए लॉकडाउन में भी कई ऐसे व्यवसायी व आमलोग हैं जो नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। उनके विरुद्ध अब प्रशासन कड़ा रूख अख्तियार कर रहा है। लॉकडाउन के तीसरे दिन शुक्रवार को सुबह में ही प्रशासनिक पदाधिकारी भभुआ नगर की सड़कों पर उतर गए। इस दौरान नगर के विभिन्न जगहों पर लॉकडाउन का जायजा लिया। जिसमें कई जगहों पर उन दुकानों को खुला देखा गया जिन्हें खोलने की अनुमति नहीं है। ऐसी दुकानों को सील करते हुए सांकेतिक रूप से लाल कपड़ा बांध दिया गया। ताकि प्रशासन की इन पर विशेष ध्यान रहे।
बिना अनुमति के दुकान खुलने की मिली थी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोगों से शिकायत मिल रही थी कि बाजार में बिना अनुमति वाली दुकानों को भी दुकानदार खोल रहे हैं। शुक्रवार की सुबह लगभग आठ बजे एएसडीएम सुजीत कुमार, बीडीओ शशिकांत शर्मा, सीओ तारा प्रकाश, नगर परिषद के ईओ सहित पुलिस बल व नप के कर्मी सड़क पर उतर कर लॉकडाउन का जायजा लेने लगे। इस दौरान बिना अनुमति वाली खुली 45 दुकानों को प्रशासन ने सील कर दिया। इसमें वे सभी दुकानें शामिल हैं जिन्हें लॉकडाउन अवधि में बंद करने का आदेश जारी है। उधर प्रशासन की इस कार्रवाई को देख कई दुकानदार अपनी दुकान का शटर धड़ाधड़ गिरा कर घर भाग गए। लेकिन कई दुकानदार दुकान बंद नहीं कर पाए। जिन्हें प्रशासन ने सील कर दिया। बता दें कि लॉकडाउन की घोषणा के बाद से गाइडलाइन के बारे में सभी लोगों को प्रशासन द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से प्रचार प्रसार करा कर अवगत कराया गया। लेकिन इसके बाद भी सुबह के समय लगभग सभी तरह की दुकानें खुल रही थीं। इसके चलते लोगों की काफी भीड़ हो रही थी। नगर के कई लोगों ने इसकी शिकायत प्रशासनिक पदाधिकारियों से की। जिस पर संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को प्रशासनिक पदाधिकारियों ने यह कार्रवाई की।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें