पितृपक्ष मेला में आए यात्रियों को मिलेगी बेहतरीन सुविधा
संवाद सूत्र, मानपुर : पितरों को पिंडदान के लिए लोगों का आना शुरू हो गया है। उन्हें यहां असुविधा नहीं
संवाद सूत्र, मानपुर : पितरों को पिंडदान के लिए लोगों का आना शुरू हो गया है। उन्हें यहां असुविधा नहीं हो, इसके लिए प्रशासन की तैयारी पूरी हो चुकी है। निगम प्रशासन इसको लेकर तत्पर है।
मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान एवं डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने शनिवार को प्रेसवार्ता में कहा कि हर मोड़ पर निगम प्रशासन की ओर से सुविधा कैंप लगाया गया है, जहां यात्रियों की समस्या का समाधान किया जाएगा। दिव्यांग यात्रियों को तनिक भी कष्ट नहीं हो, इसके लिए 10 ई-रिक्शा चलाया जा रहा है। यह रेलवे स्टेशन से विष्णुपद तक चलेगा। दिव्यांग यात्रियों को पिंडवेदी तक जाने के लिए रैंप बनाया गया है। मेले में आए यात्रियों को पेयजल की दिक्कत नहीं हो, इसके लिए मेला क्षेत्र में लगाए गए 115 शिविर में आरओ का इंतजाम है। मेला क्षेत्र के 81 नालों एवं सड़क को बेहतरीन बनाया गया है। पिंड देने वाले ब्रह्मसत्य सरोवर एवं वैतरणी सरोवर के चारों ओर टाइल्स लगाए गए हैं। फूल लगाकर इसका सुंदरीकरण किया गया है। पूरे परिसर को दूधिया व रंगीन बल्बों से चकाचौंध किया गया है। सभी सरोवर पर आधा दर्जन शौचालय बनाए गए हैं। यात्रियों को सहायता प्रदान करने के लिए नगर निगम कर्मियों के साथ ग्राम रक्षा दल के 250 सदस्य भी निश्शुल्क सहयोग कर रहे हैं। वे मेला क्षेत्र में जगह-जगह तैनात रहकर यात्रियों की सहायता करेंगे।