गणतंत्र दिवस के लिए मानपुर खादी ग्रामोद्योग में तैयार हो रहे 13 हजार तिरंगे
गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी जोरों पर है। जिले के मानपुर के लखीबाग स्थित ग्राम निर्माण मंडल खादी ग्रामोद्योग समिति में खादी के 13 हजार तिरंगे बनाए जा रहे हैं। इनमें से आठ हजार तिरंगे बनकर तैयार हो चुके हैं शेष सात हजार बनने की प्रक्रिया में है।
गया । गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी जोरों पर है। जिले के मानपुर के लखीबाग स्थित ग्राम निर्माण मंडल खादी ग्रामोद्योग समिति में खादी के 13 हजार तिरंगे बनाए जा रहे हैं। इनमें से आठ हजार तिरंगे बनकर तैयार हो चुके हैं, शेष सात हजार बनने की प्रक्रिया में है।
समिति के मंत्री सुनील कुमार बताते हैं, एक सप्ताह के अंदर शेष 13 हजार तिरंगे बना लिए जाएंगे। इन्हें मगध प्रमंडल क्षेत्र के पांच जिलों गया, औरंगाबाद, नवादा, जहानाबाद व अरवल के अलावा पटना के कुल 45 बिक्री केंद्रों पर भेजा जाएगा। मांग को देखते हुए तिरंगे तीन साइज में बनाए जा रहे हैं। इससे करीब 20 लाख 40 हजार रुपये की आमद समिति को होगी।
बता दें के खादी ग्रामोद्योग से बने तिरंगे की ब्रिक्री लागत मूल्य पर होती है। लखीबाग स्थित ग्राम निर्माण मंडल खादी ग्रामोद्योग समिति की ओर से 1954 से ही तिरंगा बनाने का कार्य जारी है। तिरंगे के निर्माण के लिए नवंबर व दिसंबर में सूत की कताई की गई। करीब 100 महिलाओं ने इस काम को किया। इसके उपरांत खादी के थान तैयार किए गए। केसरिया व हरे रंग में रंगाई की गई। थान की कताई कर चक्र बनाया गया। फिर इससे तिरंगे को बनाया गया।
मानकों के अनुसार, तिरंगे की लंबाई व चौड़ाई में डेढ़ गुना का अंतर भी रखा जा रहा है। गत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 12 हजार तिरंगे यहां बनाए गए थे। बढ़ी डिमांड को देखते हुए गणतंत्र दिवस पर एक हजार अधिक यानी 13 हजार तिरंगे तैयार किए जा रहे हैं।
--------
स्वदेशी होने के कारण मांग अधिक
बदलते वक्त के बावजूद स्वतंत्रता व गणतंत्रता दिवस पर खादी से बने तिरंगे फहराने का अपना अलग महत्व है। देशभक्ति के साथ लोगों में स्वदेशी की भावना इन दोनों खास अवसर पर लोगों में देखने को मिलती है। सरकारी से लेकर निजी संस्थानों और अपने घरों में भी लोग खादी से बने तिरंगे फहराने की तैयारी में लगे हैं।
---------
तीन साइज में तिरंगे हो रहे तैयार
यहां तीन साइज में तिरंगे तैयार हो रहे हैं। इनके दाम अलग-अलग हैं। 24 बाय 36 इंच के दाम 150 रुपये तो 36 बाय 54 इंच के तिरंगे के दाम 250 रुपये हैं। वहीं, सबसे बड़ा साइज 48 बाय 72 इंच के तिरंगे की कीमत 400 रुपये है।
-----
पचास रुपये में टोपी
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर 13 हजार टोपी तैयार हो रहे हैं। अधिकतर तैयार हो चुके हैं। शेष भी दो से चार दिनों के अंदर तैयार हो जाएंगे। इसकी कीमत पचास रुपये निर्धारित है।