विशाखापत्तनम के गजुआका में मेहसी के युवक की मौत
आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित गजुआका शहर में कचरा निष्पादन करने वाली मशीन के ब्लास्ट होने से शुक्रवार को हुई मजदूर की मौत से मेहसी के रंगरेज छपरा अनुसूचित जाति बस्ती में कोहराम मचा हुआ है।
मोतिहारी। आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित गजुआका शहर में कचरा निष्पादन करने वाली मशीन के ब्लास्ट होने से शुक्रवार को हुई मजदूर की मौत से मेहसी के रंगरेज छपरा अनुसूचित जाति बस्ती में कोहराम मचा हुआ है। मृतक 28 वर्षीय लालबाबू राम है जो धर्मेंद्र कुमार विजय कुमार एंड कंपनी में एक वर्षो से मजदूर का काम करता था। पांच भाइयों में सबसे बड़ा लालबाबू घर का एक मात्र सहारा था। परिवार को बेहतर परवरिश करने के ख्याल से वह एक सप्ताह पूर्व ही विशाखापत्तनम गया था। वह दो पुत्रियों का पिता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पत्नी 26 वर्षीय मीना देवी की हालत गंभीर है। गोद मे नवजात बच्ची को लिए बस एक ही आवाज उसके मुंह से निकल रही है कि अब उसकी पहाड़ सी जिदगी किसके सहारे कटेगी। आंख की ज्योति खो चुके उसके पिता 70 वर्षीय शिवधारी राम व माता लक्ष्मीनिया देवी के चेहरे पर पुत्र को खो देने का गम स्पष्ट झलक रहा था। बिहार गृहरक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के पूर्व उपाध्यक्ष सह समाजसेवी कौशल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव मेहसी के लिए प्रस्थान कर चुका है। देर रात तक शव के पहुंचने की संभावना है। कल उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।