दूल्हा-दुल्हन बनने से पहले बेटा-बेटी ने किया मतदान
आम चुनाव का छठा चरण कई मायनों में खास रहा। रविवार का यह दिन जहां एक ओर भगवान भास्कर की उपासना में लोग लगे थे।
मोतिहारी। आम चुनाव का छठा चरण कई मायनों में खास रहा। रविवार का यह दिन जहां एक ओर भगवान भास्कर की उपासना में लोग लगे थे। वहीं दूसरी पाक रमजान का महीना। उपर से शादी-ब्याह का लगन भी खूब। इन सबके बीच तमाम अवसरों पर भारी रहा लोकतंत्र का महापर्व। जो जहां था, वहीं से अपने मतदान केंद्र पहुंचा और अपने मताधिकार का उपयोग किया। सुबह से ही धूप-छांव के बीच महिलाएं, युवक व युवतियां अपना सब काम छोड़ मतदान केंद्र पर पहुंचे। इनमें कुछ महिलाएं रविवार का व्रत कर रही थी तो कुछ युवक व युवतियां परिणय सूत्र में बंधने वाली। पर, सभी सुबह से ही अन्न-जल ग्रहण किए बगैर अपने-अपने निर्धारित बूथ पर वोट देने पहुंचे। इनमें कई जोड़े ऐसे थे। जिन्हें पहली बार मतदान करने का मौका मिला। वैसे लोगों का कहना था कि आज की खुशी सारी खुशी पर भारी है।
पीले हाथ लिए पहुंचे मतदान केंद्र कहा-शादी से पहले का काम जरूरी लोकतंत्र के महापर्व का उत्साह रविवार को पूर्वी चंपारण जिले में खूब दिखा। कई मतदान केंद्रों पर शादी के दिन मतदान करने बेटियां पहुंची। बेटियों ने कहा- बाबुल का घर छोड़ने से पहले वोट देकर मजबूत लोकतंत्र के स्थापना की मुनादी की है। शिवहर लोकसभा क्षेत्र के ढाका विधान सभा के मतदान केंद्र संख्या-14 पर वोट देने पहुंची घोड़ासहन निवासी राजकुमार गुप्ता की पुत्री सोनी गुप्ता ने वोट किया। सोनी की शादी रविवार को ही होनी है। ऐसे में सोनी जब मतदान केंद्र पहुंची तो लोगों को अपने क्षेत्र की इस बेटी पर गर्व हुआ। सोनी ने कहा- मतदान का अधिकार हमारा है। यह समानता का अधिकार है। इस देकर बाबुल घर से विदा होना है।
वहीं पूर्वी चंपारण लोकसभा के मोतिहारी विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या-121 पर शहर के शांतिपूरी निवासी कर्ण कुमार ने अपनी बरात सजाने से पहले वोट किया। कहा- वोट का अधिकार पहले लेना है। मैंने फैसला किया कि पहले लोकतंत्र के महायज्ञ में शामिल होंगे इसके बाद ही अपनी बारात लेकर बहू को लाने जाएंगे।
उधर, कल्याणपुर प्रखंड मुख्यालय के तुलसीपट्टी बूथ संख्या 158 पर धनंजय सिंह की बेटी अंजली कुमारी ने शादी के जोड़े में सजने से पहले वोट किया। रविवार की शाम में ही इनकी बारात आएगी। अंजली ने कहा- सबसे पहले वोट के अधिकार का प्रयोग करना जरूरी है। शादी शाम में विधि-विधान से होगी। लेकिन, मजबूत सरकार बनाने में मेरा एक वोट सहायक होगा। -