चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव समिति का संगीतोत्सव 8 को
मोतिहारी। कला व संस्कृति में चंपारण की ख्याति रही है। सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित व संरक्षित रखना सभी का कर्तव्य है।
मोतिहारी। कला व संस्कृति में चंपारण की ख्याति रही है। सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित व संरक्षित रखना सभी का कर्तव्य है। उक्त बातें मंगलवार को शहर के राधा सिकारिया बीएड कॉलेज परिसर में चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव समिति के आयोजन समिति की बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. शंभू सिकारिया ने कही। डॉ. सिकारिया ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर चंपारण सांस्कृतिक महोत्सव समिति द्वारा आगामी आठ दिसंबर को एमकेडी पब्लिक स्कूल परिसर में संगीतोत्सव-2019 का आयोजन किया जाना है। इसमें सुर, लय व ताल की अमृत रसधारा से चंपारण के सुधि श्रोता दर्शक सराबोर होंगे। अध्यक्षता वर्किंग प्रेसिडेंट डॉ. चंद्रलता झा ने किया। डॉ. सिकारिया ने बताया कि बेगम अख्तर की परंपरागत शैली की निर्वाहक व अंतरराष्ट्रीय स्तर की ख्यातिलब्ध गजल गायिका विदुषी डॉ. राधिका चोपड़ा, तबले पर उनके साथ अमजद खान, सारंगी पर उस्ताद गुलाम साबिर खान व नफीस अहमद व कमल कुमार संगत कलाकार होंगे। वही जयपुर घराने की प्रतिनिधि कथक नृत्यांगना व केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी द्वारा सम्मानित सुश्री विद्या लाल का कथक नृत्य होगा। इनके साथ संगत कलाकारों में फतेह सिंह गंगानी, करम वारिस, आशीष गांगुली व इमरान खान होंगे। वही पीएम मोदी व जांबिया के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित व वायलिन सम्राट परूर एमएस गोपालाकृष्णन व टीएम पटनायक के अग्रणी शिष्य चंपारण के विभूति डॉ. रंजन कुमार शिरकत करेंगे। जहां वे मैहर घराने के विश्वविख्यात सरोद वादक उस्ताद आशीष खां की शिष्या देश की मशहूर सरोद वाद डॉ. रीता दास के साथ सरोद पर वायलिन के साथ युगलबंदी करेंगे। इसके साथ तबला पर बनारस घराने के तबला बादक डॉ. रजनीश तिवारी संगत कलाकार होंगे। डॉ. सिकारिया ने बताया कि समारोह में बिहार सरकार के मंत्रियों, सांसद, विधायक, विधान पार्षद व अन्य गणमान्य लोगों व कलाप्रेमियों को आमंत्रित किया गया है। मौके पर पूर्व कुलपित डॉ. वीरेंद्र पांडेय, डॉ. स्वास्ति सिन्हा, डॉ. अतुल कुमार, डॉ. परवेज, शांति समिति की सदस्य बिटी शर्मा, साहित्यकार डॉ. अरूण कुमार, रामचंद्र प्रसाद साह, यमुना सिकारिया, प्रसिद्ध तबलावादक संजय पांडेय, रंगकर्मी अभय अनंत आदि मौजूद थे।