गला रेतकर पूर्व वार्ड सदस्य की हत्या, सामने आयी ये वजह
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में पूर्व वार्ड सदस्य की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे की वजह पुरानी रंजिश बतायी जा रही है।
पूर्वी चंपारण [जेएनएन]। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड की रढिया पंचायत स्थित राजेपुर गांव निवासी व पूर्व वार्ड सदस्य रामचंद्र ठाकुर (45) की मंगलवार की देर रात धारदार हथियार गला रेत हत्या कर दी गई। हत्यारों ने रामचंद्र के शरीर के कई जगहों पर प्रहार किया है।
घटना की सूचना पर गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने सदल मौके पर पहुंच मामले की जांच की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्यारों की खोज में छापेमारी चल रही है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे पुरानी रंजिश वजह बताई गई है। गांव में पुलिस कैंप कर रही है।
बताया गया है कि रामचंद्र ठाकुर अरेराज में वेल्डिंग की दुकान चलाते थे। वहां वे सुबह से शाम तक रहकर अपना कार्य करते थे। मंगलवार की शाम वे अरेराज से लौट कर घर गए थे। यहां गांव के मंदिर में भजन कीर्तन सुनने गए। देर रात्रि भजन-कीर्तन से लौटने के बाद अपने बथान पर जाकर सो गए। इसी बीच धारदार हथियार से प्रहार कर कर उनकी हत्या कर दी गई। उसके बथान के बगल में सोए ग्रामीण ने रामचंद्र के कराहने की आवाज सुनने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना पर जब घर से पत्नी व बेटी पहुंची तो देखा कि पूरा शरीर व बिछावन खून से सना था। रामचंद्र की मौत हो गई थी।
भाई से चल रहा था विवाद
ग्रामीणों सूत्रों के मुताबिक रामचंद्र का विवाद उसके भाई ललन ठाकुर से पहले से विवाद चल रहा था। घटना के उपरांत गांव में उनके नहीं होने पर अटकलों का बाजार गर्म है। लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं। बताया गया है कि मां के नाम पर मिली राशि को लेकर दोनों भाईयों में हाल के दिनों में नोंक-झोंक भी हुई थी।
मामले की जांच की जा रही है। अबतक मामले में परिजनों की ओर से कोई आवेदन नहीं दिया गया है। जांच के दौरान सामने आए प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर हत्यारों की खोज चल रही है। हर हाल में हत्यारों की गिरफ्तारी समय रहते की जाएगी।
अजय कुमार मिश्र
पुलिस उपाधीक्षक, अरेराज (पूचं.)