महिला कॉलेज कैंपस में छात्राओं की बढ़ी चहल-पहल
लंबे समय से बदहाली से जूझ रहा शहर का डॉ. एसकेएस महिला कॉलेज बदलाव की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
मोतिहारी। लंबे समय से बदहाली से जूझ रहा शहर का डॉ. एसकेएस महिला कॉलेज बदलाव की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। अब परिसर में छात्राओं की चहल-पहल देखी जा सकती है। इनकी आवक में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही है। इसके लिए कॉलेज में तरह-तरह की गतिविधियों का लगातार संचालन किया जा रहा है। नए वर्ष में अब तक कई तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं। इनमें क्विज के अलावा मेंहदी व रंगोली प्रतियोगिता भी शामिल हैं। परिसर में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना भी धूमधाम से की गई। आयोजन में बड़ी संख्या में छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस तरह की गतिविधियों का मकसद कैंपस में छात्राओं की उपस्थिति को बढ़ाना है। 20 को आयोजित होगी हीरक जयंती कॉलेज की स्थापना के 60 वर्ष पूरे होने पर 20 फरवरी को परिसर में भव्य हीरक जयंती समारोह मनाया जाएगा। इसके लिए जोर-शोर से तैयारी चल रही है। कार्यक्रम का उद्घाटन बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अमरेंद्र नारायण यादव करेंगे। आयोजन को लेकर कॉलेज परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है। कार्यक्रम में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अनिल कुमार राय भी शामिल होंगे। छात्राओं को किया जाएगा सम्मानित हीरक जयंती समारोह में उन छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने शिक्षा के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इनकी सूची तैयार कर ली गई है। वहीं, कॉलेज के सेवानिवृत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को भी सम्मानित करने की योजना है। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रमों की तैयारी के लिए अलग-अलग नोडल पदाधिकारी बनाए गए हैं। स्मारिका 'चंपा' का होगा विमोचन कॉलेज से संबंधित स्मारिका का भी प्रकाशन किया जा रहा है। इसका विमोचन कार्यक्रम के दौरान कुलपति सहित अन्य अतिथि करेंगे। स्मारिका में कॉलेज के शिक्षकों के साथ-साथ छात्राओं की रचनाओं को भी शामिल किया गया है। साथ ही कॉलेज के इतिहास एवं भावी योजनाओं को भी इस स्मारिका में स्थान दिया जा रहा है। इसे आकर्षक स्वरूप देने के लिए संपादक मंडल का भी गठन किया गया है।