चाचा ने की भतीजे की हत्या, गिरफ्तार
हायाघाट थाने के अकराहा दक्षिणी में शनिवार की रात मामूली विवाद में चाचा ने बांस के प्रहार से भतीजे को मार डाला।
दरभंगा। हायाघाट थाने के अकराहा दक्षिणी में शनिवार की रात मामूली विवाद में चाचा ने बांस के प्रहार से भतीजे को मार डाला। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्यारोपी चाचा रामपुकार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। थानाध्यक्ष दिलीप पाठक ने बताया कि रामपुकार की पत्नी अंजिला देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, प्रभु यादव व उसके चाचा रामपुकार यादव के घर के बीच गलीनुमा खाली जगह है। वहां प्रभु ने जलावन का ढैंचा रखा था। उसे हटाने को लेकर दोनों के बीच नोक-झोंक हुई। फिर हाथापाई होने लगी। इस दौरान चाचा रामपुकार ने बांस का टुकड़ा उठाकर भतीजा प्रभु यादव के सिर पर प्रहार कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया और सिर से रक्तस्त्राव होने लगा जिसके कारण तत्क्षण ही उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष पाठक ने बताया कि घटनास्थल से बांस का टुकड़ा बरामद कर लिया गया है। हालांकि घटना की बाबत कहा जा रहा है कि रामपुकार यादव के हिस्से में एक शीशम का पेड़ था। जिसे कुछ दिन पहले किसी ने काट लिया था। इसका आरोप प्रभु पर लगाया जा रहा था। इसको लेकर रविवार की सुबह ग्रामीणों की पंचायत होने वाली थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रभु की मां शकुंती देवी के फर्द बयान पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। इधर घर के कमाऊ पुत्र के खो जाने के गम में मां शकुंती देवी का रोते-रोते बुरा हाल था। गांव की महिलाएं उन्हें सांत्वना देने की कोशिश कर रही थी। उनके चीत्कार से आने-जाने वालों का हृदय पसीज जा रहा था। वहीं पत्नी प्रियंका देवी अपने मायके गई हुई थी। घर वालों ने उसे भी उक्त घटना की जानकारी दे दी। बताते चलें कि प्रभु यादव खेती एवं माल-मवेशी के बलबूते पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। बड़ा भाई राजकुमार यादव अपने परिवार के साथ सूरत में रहता है।