मिथिलांचल की आर्थिक संपन्नता में व्यवसायियों का अहम योगदान : मदन सहनी
प्रमंडलीय उद्योग एवं वाणिज्य परिषद की ओर से श्री कृष्णा रेसिडेंसी में रविवार को दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
दरभंगा। प्रमंडलीय उद्योग एवं वाणिज्य परिषद की ओर से श्री कृष्णा रेसिडेंसी में रविवार को दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी, नगर विधायक संजय सरावगी, हायाघाट विधायक अमरनाथ गामी व विधान पार्षद अर्जुन सहनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। सभा को संबोधित करते हुए मंत्री मदन सहनी ने कहा कि वर्तमान का मिथिलांचल आर्थिक रूप से सम्पन्न हुआ है। इसमें व्यापार जगत के लोगों का काफी बड़ा योगदान है। कहा कि सरकार की मंशा व्यापारियों को तंग करने की नहीं है। व्यापारी निर्भिक होकर अपना व्यापार करें। जिला में शांति कायम रखें। नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि दीपावली के मौके पर शहरवासियों को दो-दो उपहार मिला है। एक तो दरभंगा से जल्द ही उड़ान सेवा शुरू होगी। साथ ही राज्य का दूसरा एम्स दरभंगा में बनने का रास्ता साफ हो गया है। राज्य और केंद्र सरकार के बीच 29 अक्टूबर को हुई बैठक में इसपर निर्णय लिया गया। कहा कि दरभंगा पटना के बाद राज्य का दूसरा सबसे बड़ा शहर बन गया है। साथ ही 47 में से 7 आरओबी स्वीकृत है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। हायाघाट विधायक अमरनाथ गामी ने कहा कि व्यवसायियों के कारण ही दरभंगा की प्रतिष्ठा बढ़ी है। बिजली के क्षेत्र में हम आत्मनिर्भर हो रहे हैं। नए-नए शो-रूम शहर में खुल रहे हैं। आर्थिक सम्पन्नता आ रही है। सभा को एमएलसी अर्जुन सहनी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन चैंबर के अध्यक्ष पवन कुमार सुरेका ने किया। धन्यवाद ज्ञापन महासचिव विजय कुमार बैरोलिया ने किया। इस दौरान चैंबर की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रृष्टि फांउडेशन की ओर से जेपी पाठक के निर्देशन में नन्हे कलाकारों ने नागेन्द्र हाराय पर मनोहरी नृत्य कर खूब तालियां बटोरी।