सरदार पटेल की जयंती पर दौड़े पुलिस कर्मी, ली शपथ
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को दरभंगा पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया।
दरभंगा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को दरभंगा पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। इस अवसर पर एसएसपी बाबू राम के नेतृत्व में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। एसएसपी राम ने रन फॉर यूनिटी को झंडी दिखाकर स्वयं दौड़ में शामिल हो गए। जिले के सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिस कर्मी अचानक सड़क पर आ गए। एसएसपी सहित पूरे पुलिस महकमा को सड़क पर देखकर शहर के अन्य लोग भी पीछे से दौड़ में शामिल हो गए। पुलिस लाइन से निकलकर रन फॉर यूनिटी लहेरियासराय टावर से लोहिया चौक, बाकरगंज, दारु भट्टी चौक, जीएन गंज होते हुए पुलिस लाइन तक लगभग दो किलोमीटर तक सभी ने रेस लगाई। एसएसपी राम ने बताया कि हर वर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्र की एकता और इमानदारीपूर्वक देश के लिए समर्पित भाव से कार्य करने के लिए यह आयोजन किया जाता है। मौके पर पुलिस लाइन में उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को उन्होंने राष्ट्र की एकता बनाए रखने और ईमानदारी पूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई। मौके पर नगर एसपी योगेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, ट्रैफिक डीएसपी बिरजू पासवान, लहेरियासराय थानाध्यक्ष हरि नारायण सिंह, बहादुरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार, विश्वविद्यालय थानध्यक्ष पवन कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश झा, सदर थानाध्यक्ष शशिनाथ सिंह, ट्रैफिक प्रभारी जय नंदन, बेंता ओपी प्रभारी अमित कुमार सहित दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल थे। मौके पर कई वक्ताओं ने लौह पुरूष के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 1875 में आज ही के दिन गुजरात के नाडियाड में हुआ था। वे भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री थे। उन्होंने देश की 564 रियासतों को एकता के सूत्र में बांध कर अखंड भारत की रचना की थी। 1917 से 1924 तक अहमदनगर के पहले भारतीय निगम आयुक्त के रूप में उन्होंने अपनी सेवा दी। 1924 से 1928 तक वह इसके निर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा और भारतीय पुलिस सर्विस की नींव रखी। 1991 में वह भारत रत्न से सम्मानित हुए। 15 दिसंबर, 1950 को 75 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए।
------------------