राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को चाहिए पांच सीटें : शाही
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर शाही ने कहा है कि सांप्रदायिक शक्तियां सिर उठा रही हैं।
दरभंगा । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवल किशोर शाही ने कहा है कि सांप्रदायिक शक्तियां सिर उठा रही हैं। इसलिए धर्मनिरपेक्ष ताकतों का मजबूत होना जरूरी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी भी ऐसी शक्तियों में एक है। आठ पार्टी महागठबंधन में शामिल है इसलिए आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार की 40 सीटों में कम से कम 5 सीटें हमें भी मिलनी चाहिए। कटिहार से हमारी जीती हुई सीट है। यदि महागठबंधन में हम लोगों की नहीं सुनी जाती है तो फिर पार्टी स्वतंत्र है और वह अपने नेताओं कार्यकर्ताओं से सलाह के बाद अगला कदम उठाएगी। बुधवार को स्थानीय परिसदन में संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि बिहार में लूट, हत्या, डकैती, बलात्कार का बाजार गर्म है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है ।आज बिहार एक बड़ी जन क्रांति के दोराहे है पर खड़ा है। लेकिन चूंकि हम लोग जाति पाति में बंट गए हैं इसलिए कोई आंदोलन उभर कर सामने नहीं आ रहा है। लेकिन बिहार में एक बड़े जनांदोलन की पृष्ठभूमि अवश्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का सिद्धांत रहा है कि वह हत्या, अपराध, बलात्कार, लूट डकैती के खिलाफ रही है और हम भी आज लड़ रहे हैं। यदि हमें शक्ति मिली तो हम जन आंदोलन की अगुवाई के लिए तैयार हैं। लोगों को चाहिए कि ऐसी निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आगे आएं। मौके पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र मोहन झा भी उपस्थित थे।