पर्यावरण संरक्षण के लिए जल-जीवन-हरियाली योजना से जुड़ें लोग : मंत्री
दरभंगा। राज्य के गांवों को सरकार स्मार्ट गांव बनाने का प्रयास कर रही है।
दरभंगा। राज्य के गांवों को सरकार स्मार्ट गांव बनाने का प्रयास कर रही है। सरकार गांव, गरीब व युवाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संपूर्ण बिहार में विकास योजनाओं का कार्य द्रुतगति से चल रहा है। सभी गांवों में मुख्यमंत्री सात निश्चय योजनाओं के तहत शौचालय, आवास, नल-जल, गली-नली, हर घर बिजली आदि योजनाएं चल रही है। गांवों की गलियां अब जगमगा रही है। अगले साल तक राज्य के सभी नागरिकों को शुद्ध नल का जल देने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है। सूबे के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने सोमवार को यह बातें जाले में कही। जाले प्रखंड मुख्यालय स्थित नवनिर्मित अत्याधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी भवन का उद्घाटन करने पहुंचे ग्रामीण विकास मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान राज्य सरकार के कार्यो पर विस्तार से प्रकाश डाला। लोगों से कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए राज्य की जनता को आगे आना होगा। हम अभी सचेत नहीं होंगे तो हमे शुद्ध हवा व पानी नहीं मिलेगा। हम जटिल रोगों के चपेट में आ जाएंगे। कहा कि राज्य सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के लिए जल-जीवन-हरियाली योजना प्रारंभ की है, जिसके तहत सभी नागरिकों को पौधारोपण करना है। इसके लिए नागरिकों को अपनी जिम्मेवारी समझनी होगी। जब तक जनता का सहयोग नहीं मिलेगा, यह योजना अकेले सरकार पूरी नहीं कर सकती। मंत्री ने कहा कि राज्य के वे सभी जलस्रोत जो अतिक्रमण का शिकार हो गए हैं, उन्हें दो माह में अतिक्रमण मुक्त कर पुन: पूर्व के स्वरूप में लाया जाएगा। कहा कि राज्य में 15 प्रतिशत हरियाली है। वर्ष 2020 तक इसे 33 प्रतिशत करना है। इसके लिए राज्य भर के पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा मनरेगा योजना से पौधारोपण कराने का निर्देश दिया गया है।
पदाधिकारियों व कर्मियों के आवास के लिए 79 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत : मंत्री ने कहा कि हमने पिछले कार्यकाल में राज्य भर में 101 आइटी भवन की स्वीकृति प्रदान की थी। दरभंगा जिला के छह प्रखंडों में सूचना प्रौद्योगिकी भवन के लिए 55 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। जाले में जिले के पहले भवन का उद्घाटन किया गया है। प्रखंडों के पदाधिकारियों व कर्मियों के आवास के लिए 79 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जल्द ही प्रखंड परिसर की चहारदीवारी का निर्माण होगा। जाले के पूर्व विधायक व विधान परिषद सदस्य विजय कुमार मिश्र ने कहा जाले के विकास के लिए किए गए कार्यों की चर्चा की। समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधायक जीवेश कुमार ने कहा कि चुनाव जीतकर जब प्रखंड कार्यालय पहुंचे तो बीडीओ कक्ष में आते ही कार्यालय के छत का चट्टान गिरा। उसी क्षण संकल्प किया कि यहां अत्याधुनिक भवन बनाना है। विधायक ने मंत्री से आग्रह किया कि जाले विधानसभा क्षेत्र में सिंहवाड़ा प्रखंड भी है। दूसरे चरण में सूचना प्रौद्योगिकी भवन की स्वीकृति सिंहवाड़ा में दी जाए। प्रमुख फूलो बैठा, उप प्रमुख अब्दुल राजिक, डीडीसी कारी प्रसाद महतो, एसडीपीओ सदर अनोज कुमार आदि मौके पर मौजूद रहे। धन्यवाद ज्ञापन बीडीओ राजेश कुमार ने किया। मंच पर विधान परिषद सदस्य डॉ. दिलीप कुमार चौधरी, भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष विनय कुमार झा, भाजपा नेत्री अंजनी कुमार निषाद, जदयू के जिला उपाध्यक्ष सैयद मोजफ्फर इमाम तुफैल, प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार दास आदि मौजूद थे।