डीएम के औचक निरीक्षण में गायब मिले कई कर्मी व पदाधिकारी
दरभंगा। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने सोमवार को समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
दरभंगा। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने सोमवार को समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई पदाधिकारी व कर्मी अपने कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। डीएम ने इसपर नाराजगी व्यक्त करते संबंधित अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा है। साथ ही उनके एक दिन के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी है। डीएम बारी-बारी से विभिन्न कार्यालयों व शाखाओं में जाकर उपस्थित कर्मियों से उनके कार्य दायित्व की जानकारी प्राप्त की एवं अनुपस्थित कर्मियों के विरूद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने एनआइसी, जिला लोक शिकायत, राजस्व, अनुमंडल लोक शिकायत, कल्याण, उत्पाद, आपूर्ति, सामान्य शाखा, आइटी आदि कोषांगों का निरीक्षण किया। जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में दो कर्मी अनुपस्थित मिले, जिनके बारे में बताया गया कि वे दोनों अवकाश पर हैं। अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय में तीन कर्मी अनुपस्थित पाए गए। इसमें पूजा कुमारी, अमित सहनी एवं मो. तनवीर शामिल थे। हालांकि, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी कुछ विलंब से पहुंचे। बता दें कि कार्यालय में पांच कार्यपालक सहायक की प्रतिनियुक्ति है। डीएम ने दो कार्यपालक सहायकों की प्रतिनियुक्ति रद्द करने का निर्देश दिया है। जिला कल्याण शाखा में प्रधान सहायक अनुपस्थित मिले। आपूर्ति शाखा में एक कर्मी अनुपस्थित पाए गए। वहीं, राजभाषा शाखा में सभी कर्मी अनुपस्थित थे, जबकि राजस्व शाखा में संजीत चैपाल अनुपस्थित थे। अनुपस्थित पाए गए सभी कर्मियों से कारण पृच्छा की गई है और उनके एक दिन के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई। दिया गया है। अधिकारियों में उत्पाद अधीक्षक गणेश प्रसाद अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाए गए। इनसे भी कारण पृच्छा करते उनके एक दिन के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी गई। विलंब से कार्यालय पहुंचे अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी संजय सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वीरेंद्र नारायण पांडेय एवं जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार गुप्ता से स्पष्टीकरण पूछा गया। अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय में कई परिवादी सुनवाई के लिए इंतजार करते मिले। परिवादियों का कहना था कि सुनवाई के लिए उन्हें 11 बजे का समय दिया गया था, लेकिन समय पर सुनवाई नही होती है। डीएम ने अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को कहा है कि परिवादियों की संख्या अधिक होने पर सुनवाई का समय सामांजन किया जाए, ताकि किसी भी परिवादी को सुनवाई के लिए ज्यादा देर तक इंतजार ना करना पड़े। डीएम ने जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आरआर प्रभाकर को अनुमंडल लोक शिकायत निवारण कार्यालय में सुनवाई की प्रक्रिया को नियमित कराने को कहा। वहीं, सभी लिपिकों को टेबुल पर नेम प्लेट रखने को भी कहा गया है। निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आरआर प्रभाकर आदि मौजूद थे।