आकर्षण का केंद्र बनी है भगवान गणेश की मूर्ति
महथौर पंचायत के बारा चौक पर सात दिवसीय गणेश उत्सव से क्षेत्र में भक्ति का माहौल है।
दरभंगा। महथौर पंचायत के बारा चौक पर सात दिवसीय गणेश उत्सव से क्षेत्र में भक्ति का माहौल है। गणपति बप्पा मोरिया के नारों से सारा वातावरण गुंजायमान हो उठा है। भगवान गणेश की विशालकाय मूर्ति लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। संध्या काल में जहां भजन कीर्तन एवं प्रवचन का आनंद उठाने भारी मात्रा में श्रोता एवं भक्त पहुंच रहे हैं। वहीं मेले में भी लोगों की काफी भीड़ जुट रही है। गणेश सार्वजनिक पूजा समिति पुतई की ओर से आयोजित महोत्सव में दूरदराज प्रदेश में रह रहे युवा गांव आकर अपनी सहभागिता निभाते हैं। कमेटी के सचिव कुशेश्वर राय कहते हैं कि हम लोग मुंबई में रहते हैं। लेकिन, गणेश पूजा के दौरान सभी अपने गांव में आकर भाग लेते हैं। पूजा में अध्यक्ष चेतन मुखिया, कोषाध्यक्ष योगेंद्र मुखिया, सलित मुखिया, अर्जुन मुखिया, सीताराम मुखिया, शंकर मुखिया, पवन मंडल के साथ स्थानीय ग्रामीणों का भरपूर सहयोग है।