स्वयं सहायता समूहों से विकास को मिली नई उड़ान : मंत्री
भवन निर्माण मंत्री सह प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि सूबे में स्वयं सहायता समूहों से विकास को नई उड़ान लगी है।
दरभंगा। भवन निर्माण मंत्री सह प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने कहा कि सूबे में स्वयं सहायता समूहों से विकास को नई उड़ान लगी है। गरीब महिलाएं आर्थिक रूप से सबल हो रही हैं। इसके माध्यम से महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिल रहा है। वे मंगलवार को श्यामा रेजिडेंसी में स्वयं सहायता समूहों के बढ़ते कदम कार्यक्रम के उदघाटन के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 5501 स्वयं सहायता समूहों को 68 करोड़ 80 लाख रुपये का ऋण मुहैया कराया। मंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के कामकाज से समाज में आर्थिक व सामाजिक बदलाव आया है। विधायक संजय सरावगी ने कहा कि इसके माध्यम से सामाजिक व आर्थिक सशक्तीकरण हो रहा है। गरीब महिलाओं के विकास के लिए यह बेहतर कार्यक्रम है। सेंट्रल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक जेवी पुजारी ने कहा कि गठित समूहों को ससमय ऋण मुहैया कराया जाता है। स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों ने समूहों के माध्यम से शौचालय निर्माण, शराबबंदी व आजीविका संवर्धन पर बल दिया। बैंक के आंचलिक प्रबंधक एमके बजाज ने कहा कि समूहों को समय पर ऋण मुहैया कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। जीविका के राज्य परियोजना प्रबंधक पुष्पेंद्र ¨सह तिवारी ने कहा कि सूबे में वर्ष 2021-22 तक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 50 हजार करोड़ का लेनदेन होगा। वर्तमान में 8 लाख 25 हजार समूह अठारह हजार करोड़ के लेनदेन कर रहे हैं। प्रभारी जिला परियोजना प्रबंधक मुकेश तिवारी सुधांश ने अतिथियों का स्वागत व मंच संचालन सामुदायिक वित्त प्रबंधक विध्य कुमार झा ने किया। मौके पर जीविका की दीदियां मौजूद थीं।