केंद्र में महागठबंधन की सरकार बनी तो गरीबों को मिलेगा सम्मान : मांझी
हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि केंद्र में अगर महागठबंधन की सरकार बनेगी तो गरीब-गुरबा को सम्मान मिलेगा।
दरभंगा । हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा है कि केंद्र में अगर महागठबंधन की सरकार बनेगी तो गरीब-गुरबा को सम्मान मिलेगा। केंद्र की एनडीए की सरकार में अमीर और अमीर हो रहे हैं, गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। वे शनिवार को मधुबनी लोकसभा के केवटी खिरमा में महागठबंधन की ओर से वीआइपी उम्मीदवार ई. बद्री कुमार पूर्वे के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे मुख्यमंत्री बने तो अनुसूचित जाति के लिए कार्य करना चाहा। गरीबों को आवास के लिए तीन डिसमिल जमीन के बदले पांच डिसमिल जमीन देना चाहते थे, लेकिन नीतीश कुमार ने ऐसा करने से इंकार कर दिया। स्थिति ऐसी उत्पन्न कर दी गई, कि मजबूरन उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। नीतीश कुमार नहीं चाहते हैं कि गरीबी समाप्त हो। गरीब छात्रों को पीजी तक की पढ़ाई निशुल्क कराने का वादा किया था। बेरोजगारी भत्ता छात्रों को पांच हजार रुपये प्रतिमाह का वादा किया था। किसानों के लिए फ्री बिजली उपलब्ध कराने की बात कही थी। लेकिन नीतीश कुमार ने बाधा उत्पन्न कर दिया, जिसके कारण उक्त योजनाएं लागू नहीं हो सकी। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा ने सीएम नीतीश कुमार एवं पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। कहा कि पिछले चुनाव में एनडीए की ओर से जो वादे किए गए अब तक पूरे नहीं हुए। सिर्फ पांच वर्षों में जनता को ठगने का काम किया है।विकाशसील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी कहा कि देश में बहुत बड़ी लड़ाई है। बंगाल सहित अन्य राज्यों में निषाद जाति के लोगों को अनुसूचित जाति का दर्जा प्राप्त है। लेकिन बिहार में निषादों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। छह वर्षों से अपने समाज की लड़ाई लड़ रहे हैं। 2014 के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ जुड़े थे। लेकिन इन नेताओं ने निषाद जाति के साथ वादाखिलाफी किया। उन्हें धोखा दिया। कहा कि 71 साल के बाद राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने निषाद को सम्मान किया। इस बार चूके तो संविधान खतरे में पड़ जाएगा। अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष रामनरेश यादव ने की। सभा को खगड़िया जिप अध्यक्ष सुशांत यादव, डाडा के पूर्व चेयरमैन राजकिशोर यादव आदि ने संबोधित किया।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप